गिरिडीह में कमल का फूल तोड़ने गए दो बच्चों की तालाब में डूबकर मौत, गांव में शोक

Rupa Kumari | August 14, 2026 | 04:44 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह : पचम्बा थाना क्षेत्र के रानीखावा गांव में शुक्रवार सुबह एक हृदयविदारक हादसे में दो बच्चों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। दोनों बच्चे कमल का फूल तोड़ने के लिए तालाब में उतरे थे, लेकिन गहरे पानी में चले जाने के कारण उनकी जान चली गई। मृतकों की पहचान रानीखावा निवासी शंकर रजक के 13 वर्षीय पुत्र हार्दिक रजक और विष्णु रजक के 13 वर्षीय पुत्र प्रेम रजक के रूप में हुई है।

कमल का फूल निकालने के दौरान हुआ हादसा

स्थानीय लोगों के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब सात बजे दोनों बच्चे सड़क किनारे स्थित तालाब में कमल का फूल तोड़ने गए थे। इसी दौरान वे तालाब के गहरे हिस्से में पहुंच गए और डूबने लगे। उनके साथ मौजूद एक अन्य बच्चे ने घटना देखी और तत्काल गांव में इसकी सूचना दी। खबर मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में तालाब के पास पहुंच गए।

आधे घंटे तक चला तलाश अभियान

ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए बच्चों की तलाश शुरू की। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को तालाब से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। सूचना मिलने पर पचम्बा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। दोनों बच्चों को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

यह भी पढ़ें : 15 दिन पहले आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली की मौत, मिसिर बेसरा का बॉडीगार्ड था इतवारी हांसदा

गांव में पसरा मातम

एक साथ दो बच्चों की मौत से पूरे रानीखावा गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीण भी इस घटना से स्तब्ध हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ ही पलों में दो परिवारों की खुशियां उजड़ गईं। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है और लोग शोक संतप्त परिवारों को ढांढस बंधाने में जुटे हैं।

Share this news

संबंधित खबरें