रांची में कांग्रेस नेता के बॉडीगार्ड की हवाई फायरिंग से मचा हड़कंप, राइफल समेत गिरफ्तार

Rupa Kumari | July 25, 2026 | 04:08 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजधानी रांची के कांके थाना क्षेत्र में शनिवार को हवाई फायरिंग की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। रिनपास बॉर्डर लाइन इलाके में कांग्रेस नेता और जमीन कारोबारी मदन कुमार महतो के एक बॉडीगार्ड द्वारा कथित तौर पर हवाई फायरिंग किए जाने के बाद स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गोली की आवाज से दहशत में आए लोग

जानकारी के अनुसार, घटना कांके थाना क्षेत्र के रिनपास बॉर्डर लाइन इलाके की है। अचानक गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घबरा गए और इलाके में कुछ देर के लिए भय का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कांग्रेस नेता मदन कुमार महतो के दो बॉडीगार्डों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि दोनों कथित रूप से शराब के नशे में थे। विवाद बढ़ने पर एक बॉडीगार्ड दीपक ने गुस्से में हवाई फायरिंग कर दी।

आरोपी गिरफ्तार, राइफल जब्त

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बॉडीगार्ड दीपक को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में इस्तेमाल की गई राइफल भी जब्त कर ली गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग किन परिस्थितियों में हुई और हथियार के उपयोग में किसी प्रकार के नियमों का उल्लंघन हुआ या नहीं।

यह भी पढ़ें : सिमडेगा में सड़क और पुलिया के अभाव ने ली जान, उफनते नाले में डूबे ग्रामीण; खाट पर शव ढोने को मजबूर हुए लोग

मामले की जांच जारी

कांके थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

संबंधित खबरें