Samachar Post डेस्क, रांची: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की खबर सामने आने के बाद छात्र संगठन CJP के प्रमुख अभिजीत दीपके की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने इसे छात्र आंदोलन की जीत बताते हुए कहा कि संगठित संघर्ष और दबाव के जरिए बदलाव संभव है। अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी अपने बयान में कहा कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा इस बात का प्रमाण है कि यदि लोग अपने मुद्दों को लेकर डटे रहें और डरें नहीं, तो परिणाम हासिल किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा, “झुकती है दुनिया, झुकाने वाला चाहिए।”
जंतर-मंतर पर मनाया गया जश्न
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की खबर के बाद दिल्ली के जंतर-मंतर पर मौजूद छात्रों और CJP कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्रों ने नारेबाजी की और आंदोलन को अपनी जीत बताया। बताया जा रहा है कि CJP के बैनर तले 26 जून से छात्र विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे थे। आंदोलन के दौरान सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी अनशन पर बैठे थे। बाद में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा की पहल पर उनका अनशन समाप्त कराया गया।

सरकार और CJP के बीच हुई थी कई दौर की वार्ता
सूत्रों के अनुसार, आंदोलन को लेकर केंद्र सरकार और CJP प्रतिनिधियों के बीच दो दौर की बातचीत हो चुकी थी। इन बैठकों में छात्रों की विभिन्न मांगों पर चर्चा हुई थी। शनिवार को भी CJP प्रतिनिधियों और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के बीच वार्ता प्रस्तावित थी। हालांकि CJP लगातार अपनी मांगों पर कायम रहा और संगठन की ओर से बार-बार यह कहा गया कि धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद ही आंदोलन समाप्त करने पर विचार किया जाएगा।
यह भी पढ़ें : गुड न्यूज: सदर अस्पताल में होगा हृदय का बेहतर इलाज, 8 करोड़ की लागत से तैयार होगी कैथलैब, निकाला गया टेंडर
आंदोलन की आगे की रणनीति पर नजर
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की खबर के बाद अब आंदोलन की आगे की दिशा और छात्रों की अगली रणनीति पर सभी की नजरें टिकी हैं। फिलहाल CJP इसे अपनी बड़ी राजनीतिक और छात्र आंदोलन की उपलब्धि के रूप में प्रस्तुत कर रहा है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

