Samachar Post रिपोर्टर, रांची :रांची के राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान में सोमवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई। नवजात की मौत की सूचना मिलने के बाद एक महिला ने अस्पताल की चौथी मंजिल से छलांग लगा दी। गंभीर रूप से घायल महिला को तुरंत सेंट्रल इमरजेंसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए आईसीयू में भर्ती किया गया। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। रिम्स प्रबंधन के अनुसार, महिला बिरहोर समुदाय से है। उसने हजारीबाग के एक निजी अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया था। प्रसव के बाद तबीयत बिगड़ने पर उसे बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया था। इलाज के बाद सोमवार को उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी और वह घर लौटने की तैयारी कर रही थी।
यह भी पढ़ें :मेदिनीनगर में ट्रेन की चपेट में आने से युवक गंभीर घायल, दोनों पैर कटे
नवजात की मौत की खबर मिलते ही उठाया खौफनाक कदम
बताया जा रहा है कि डिस्चार्ज के दौरान किसी ने महिला को उसके नवजात बच्चे की मौत की जानकारी दी। यह खबर सुनते ही वह गहरे सदमे में चली गई और कथित तौर पर बिना कुछ सोचे-समझे अस्पताल की चौथी मंजिल से छलांग लगा दी। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

सुरक्षा कर्मियों और डॉक्टरों ने तुरंत पहुंचाया इमरजेंसी
महिला के गिरते ही सुरक्षा गार्ड, होमगार्ड के जवान, अस्पताल कर्मी और परिजन मौके पर पहुंचे। उसे तत्काल सेंट्रल इमरजेंसी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए आईसीयू में भर्ती कर लिया। अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक, महिला की स्थिति फिलहाल गंभीर बनी हुई है।
प्रसव के बाद मानसिक स्थिति प्रभावित हो सकती है- डॉक्टर
जानकारी के अनुसार, यह घटना सोमवार शाम करीब 4:30 बजे हुई। डॉक्टरों का कहना है कि प्रसव के बाद या गर्भावस्था के दौरान कुछ महिलाओं में मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं, जिसके कारण वे असामान्य या आवेगपूर्ण व्यवहार कर सकती हैं। बताया गया कि महिला के पहले से तीन बच्चे हैं। पूरे मामले में रिम्स प्रबंधन महिला की निगरानी में इलाज कर रहा है।

Reporter | Samachar Post

