बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए अतिरिक्त उड़ानों की मांग, स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने केंद्र को लिखा पत्र

Rupa Kumari | June 30, 2026 | 03:57 PM IST

Samachar Post डेस्क, रांची : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने देवघर एयरपोर्ट से उड़ान सेवाओं में कटौती या बंद किए जाने की खबरों पर चिंता जताते हुए केंद्र सरकार से हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू को पत्र लिखकर मौजूदा उड़ान सेवाओं को जारी रखने और अतिरिक्त उड़ानें शुरू करने का आग्रह किया है।

श्रद्धालुओं की सुविधा का उठाया मुद्दा

अपने पत्र में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि बाबा बैद्यनाथ धाम देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक है, जहां हर वर्ष करोड़ों श्रद्धालु दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। विशेष रूप से श्रावण मास में भक्तों की संख्या कई गुना बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में उड़ान सेवाओं में कमी या उन्हें बंद करने से श्रद्धालुओं को यात्रा में कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। इरफान अंसारी ने पत्र में कहा कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए देवघर से अतिरिक्त उड़ानें शुरू किए जाने की अपेक्षा थी, लेकिन मौजूदा सेवाओं में कटौती की चर्चाएं चिंताजनक हैं। उन्होंने कहा कि इससे यात्रियों का समय और खर्च दोनों बढ़ेंगे।

प्रधानमंत्री से भी हस्तक्षेप की अपील

स्वास्थ्य मंत्री ने केंद्रीय नागर विमानन मंत्री के साथ-साथ प्रधानमंत्री से भी इस मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की है। उन्होंने मांग की कि देवघर एयरपोर्ट से संचालित सभी उड़ानें पूर्व की तरह जारी रहें और जरूरत के अनुसार नई उड़ान सेवाएं भी शुरू की जाएं।

यह भी पढ़ें: हूल दिवस पर भाजपा नेताओं ने सिदो-कान्हू को दी श्रद्धांजलि, संघर्ष और बलिदान को किया नमन

श्रद्धालुओं के हितों की रक्षा की बात

पत्र में मंत्री ने कहा कि बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार श्रद्धालुओं की भावनाओं और जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सकारात्मक निर्णय लेगी। साथ ही उन्होंने संकेत दिया कि यदि उड़ान सेवाओं को लेकर प्रतिकूल निर्णय लिया गया, तो श्रद्धालुओं के हित में आगे की रणनीति पर भी विचार किया जा सकता है।

Share this news

संबंधित खबरें