अफीम की खेती और तस्करी के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार, बाइक से ले जा रहा था मादक पदार्थ

Meenu | June 28, 2026 | 04:25 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,रांची :नामकुम थाना क्षेत्र में अवैध अफीम की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से अवैध अफीम बरामद की गई है। पुलिस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच कर रही है। रांची एसएसपी को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति तैमारा की ओर से बाइक पर अवैध अफीम लेकर रामपुर में बेचने जा रहा है। सूचना के आधार पर नामकुम थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने रांची-टाटा रोड पर नामकुम और दशमफॉल थाना क्षेत्र की सीमा स्थित राईसा नदी के पास वाहन जांच अभियान चलाया।

यह भी पढ़ें :योगेंद्र तिवारी केस: ED ने पूर्व वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव और बेटे रोहित उरांव को पूछताछ के लिए भेजा समन

भागने की कोशिश में पकड़ा गया आरोपी

जांच के दौरान ब्लू रंग की पैशन प्रो बाइक पर सवार एक व्यक्ति को रोकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर आरोपी बाइक मोड़कर भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सनिका मुंडा बताया। तलाशी लेने पर उसकी बाइक में टंगे झोले से अवैध अफीम बरामद हुई। पुलिस ने मादक पदार्थ और बाइक जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

खेत में अफीम की खेती करने की बात कबूली

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बरामद अफीम उसके खेत में उगाई गई अफीम की फसल से निकाली गई थी। उसने यह भी स्वीकार किया कि वह पहले भी कई बार अलग-अलग ग्राहकों को अफीम बेच चुका है। आरोपी ने बताया कि इस बार वह रामपुर में एक व्यक्ति को तय रकम पर अफीम बेचने जा रहा था। पुलिस अब इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है और संभावित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

Share this news

संबंधित खबरें