राउरकेला गया था परिवार, चोरों ने घर का ताला तोड़ा; लाखों के जेवर और नकदी लेकर फरार

Meenu | June 24, 2026 | 10:34 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची :राजधानी रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र स्थित कुम्हार टोली, चुन्ना भट्ठा चौक में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये मूल्य के जेवरात, नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेजों की चोरी कर ली। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें :जामताड़ा में युवक पर हथियारबंद बदमाशों का हमला, पिस्तौल तानकर की मारपीट

श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने राउरकेला गया था परिवार

जानकारी के अनुसार कुम्हार टोली निवासी विजय प्रजापति अपने साढ़ू के श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने के लिए राउरकेला गए हुए थे। घर की चाबी उन्होंने अपनी पुत्री प्रीति देवी को सौंप दी थी। परिवार के अन्य सदस्य भी घर से बाहर थे। जब प्रीति देवी शाम को घर पहुंचीं और किरायेदार से चाबी लेकर दरवाजा खोला, तो घर के अंदर का नजारा देखकर हैरान रह गईं। चोरों ने घर में घुसने के बाद कमरों, अलमारी और बक्सों के ताले तोड़ दिए थे। घर का सामान बिखरा पड़ा था। सूचना मिलने पर सुखदेवनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

सोना-चांदी, नकदी और जरूरी दस्तावेज चोरी

पीड़ित विजय प्रजापति के अनुसार चोर करीब 15 ग्राम सोने का नेकलेस, मंगलसूत्र, दो जोड़ी सोने की बालियां, एक सोने की अंगूठी, लगभग 400 ग्राम चांदी के आभूषण, तीन चांदी के सिक्के, 40 हजार रुपये नकद और महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी कर ले गए।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की शिकायत पर सुखदेवनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और चोरों की पहचान के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच-पड़ताल कर रही है। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने इलाके के लोगों की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Share this news

संबंधित खबरें