Samachar Post रिपोर्टर, रांची :झारखंड में मानसून की सक्रियता लगातार बढ़ रही है। पिछले 24 घंटों में हुई अच्छी बारिश के बाद राज्य के अधिकांश हिस्सों में मानसून मजबूत हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार पलामू, गढ़वा, लातेहार, चतरा और गुमला के कुछ इलाकों को छोड़कर लगभग पूरे राज्य में मानसून सक्रिय हो चुका है। अगले दो से तीन दिनों में पूरे झारखंड में मानसून के प्रवेश की संभावना है। राजधानी रांची समेत कई जिलों में सोमवार को बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। मौसम में बदलाव के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।
यह भी पढ़ें :पद्म भूषण से सम्मानित होंगे दिशोम गुरु शिबू सोरेन, राष्ट्रपति भवन में पत्नी रूपी सोरेन करेंगी सम्मान ग्रहण
जामताड़ा में सबसे ज्यादा बारिश, कई जिलों में झमाझम वर्षा
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों में जामताड़ा में सर्वाधिक 68 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा गिरिडीह में 62.4 मिमी, धनबाद में 48 मिमी, दुमका में 40 मिमी, बोकारो में 37 मिमी और रांची में 36 मिमी वर्षा दर्ज की गई। विशेषज्ञों का कहना है कि अगले चार दिनों तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
14 जिलों में येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए राज्य के मध्य और दक्षिणी भागों के साथ-साथ पलामू प्रमंडल के कुछ क्षेत्रों में तेज हवा और बारिश की चेतावनी जारी की है। इन इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। संभावित खराब मौसम को देखते हुए 14 जिलों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को बिजली गिरने, तेज हवा और भारी बारिश के दौरान सतर्क रहने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।

तापमान में गिरावट से मिली राहत
बारिश और बादल छाए रहने की वजह से राज्य के कई हिस्सों में तापमान में कमी दर्ज की गई है। रांची का अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि जमशेदपुर में 31.8 डिग्री, मेदिनीनगर में 37.1 डिग्री, बोकारो में 36.1 डिग्री और चाईबासा में 30.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार आने वाले दिनों में कई इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से और राहत मिल सकती है।

Reporter | Samachar Post

