Samachar Post रिपोर्टर,कोडरमा :झारखंड पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। कोडरमा पुलिस ने बिहार भेजी जा रही अंग्रेजी शराब की खेप को जब्त करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान एक टाटा मैजिक वाहन से 48 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गई।
यह भी पढ़ें :योग दिवस से पहले धनबाद में दिखा फिटनेस का उत्साह, ‘रन फॉर योग’ में उमड़ी लोगों की भीड़
गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस को सूचना मिली कि डोमचांच की ओर से सतगावां होते हुए बिहार ले जाने के लिए एक टाटा मैजिक वाहन में शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही ढाब थाना प्रभारी बमबम कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया और ढाब चौक के पास वाहन जांच अभियान शुरू किया गया।
पुलिस को देखकर भागने लगे चालक और उपचालक
वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक लाल रंग की टाटा मैजिक को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही चालक ने वाहन की गति बढ़ाकर भागने की कोशिश की। हालांकि कुछ दूरी पर वाहन छोड़कर चालक और उपचालक पैदल फरार होने लगे। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों का पीछा किया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

वाहन से बरामद हुई 48 बोतल अंग्रेजी शराब
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने वाहन की तलाशी ली, जिसमें अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बरामद हुई। जब आरोपियों से शराब परिवहन से संबंधित दस्तावेज मांगे गए तो वे कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस के अनुसार जब्त शराब में शामिल हैं 42 बोतल रॉयल स्टैग (750 एमएल), 6 बोतल आइकोनिक व्हाइट बरामद शराब को बिहार ले जाने की तैयारी थी। पुलिस ने शराब के साथ टाटा मैजिक वाहन को भी जब्त कर लिया है। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के नालंदा जिले के गिरीयक निवासी 19 वर्षीय चंदन कुमार और नवादा जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र के दुलारडीह निवासी 24 वर्षीय अमन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर शराब तस्करी के नेटवर्क और अन्य संभावित संलिप्त लोगों की जानकारी जुटा रही है। इस मामले में ढाब थाना में कांड संख्या 04/26 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
अवैध कारोबारियों पर जारी रहेगा अभियान
एसपी कुमार शिवाशीष ने कहा कि जिले में अवैध शराब कारोबार, तस्करी और अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून तोड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Reporter | Samachar Post

