Samachar Post डेस्क, रांची : NEET-UG परीक्षा की तैयारियों के बीच मंगलवार दोपहर बड़ा सुरक्षा प्रोटोकॉल देखने को मिला। भारतीय वायु सेना का एक विशेष विमान दोपहर करीब 1:30 बजे रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर उतरा, जिसमें राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा के प्रश्न पत्र लाए गए। सूत्रों के अनुसार, प्रश्न पत्रों को अत्यंत गोपनीय और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच एयरपोर्ट तक पहुंचाया गया। इस दौरान एयरपोर्ट परिसर में भारी संख्या में पुलिस बल और सुरक्षा एजेंसियों की तैनाती की गई थी।
ट्रॉलियों से उतारे गए प्रश्न पत्र, डाक विभाग को सौंपा गया
विमान के लैंड होने के बाद दर्जनों ट्रॉलियों की मदद से प्रश्न पत्रों को सुरक्षित तरीके से उतारा गया। इसके बाद उन्हें कार्गो एरिया में ले जाकर सुरक्षा कर्मियों की निगरानी में डाक विभाग के वाहनों के माध्यम से निर्धारित केंद्रों की ओर रवाना किया गया। पूरी प्रक्रिया को गोपनीयता और सुरक्षा मानकों के तहत संपन्न कराया गया ताकि परीक्षा सामग्री की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

यह भी पढ़ें: RSS कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंके जाने की घटना की रघुवर दास ने की निंदा, SIT जांच की मांग
एयर इंडिया फ्लाइट में देरी, यात्री परेशान
इसी बीच रांची एयरपोर्ट पर उड़ान संचालन से जुड़ी एक अन्य घटना में बेंगलुरु से आने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट अपने निर्धारित समय से करीब चार घंटे देरी से पहुंची। विमान रात लगभग 9:30 बजे रांची में लैंड कर सका। फ्लाइट में देरी के कारण यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा और उन्हें असुविधा का सामना करना पड़ा। देर से पहुंचने की वजहों को लेकर एयरलाइन की ओर से कोई विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। NEET-UG प्रश्न पत्रों की सुरक्षा को देखते हुए एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने पूरी सतर्कता बरती। पूरे ऑपरेशन के दौरान किसी भी प्रकार की चूक न हो, इसके लिए विशेष निगरानी व्यवस्था लागू की गई थी।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

