Samachar Post रिपोर्टर, रांची : विद्यार्थियों को जागरूक, सुरक्षित और जिम्मेदार नागरिक बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को डीपीएस जगन्नाथपुर में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को साइबर अपराध, मादक पदार्थों के दुष्प्रभाव, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी। कार्यक्रम में ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, रूरल एसपी गौरव गोस्वामी, ट्रैफिक डीएसपी और हटिया डीएसपी ने हिस्सा लिया। अधिकारियों ने छात्रों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी फ्रॉड, संदिग्ध लिंक और सोशल मीडिया से जुड़े साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत अभिभावकों या पुलिस को देनी चाहिए।
नशे से दूर रहने की अपील
पुलिस अधिकारियों ने मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के भविष्य के साथ-साथ परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने और किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना पुलिस को देने की अपील की गई। महिला एवं बाल सुरक्षा पर चर्चा के दौरान अधिकारियों ने छात्रों को गुड टच और बैड टच की जानकारी दी। साथ ही समझाया कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न, डर या परेशानी की स्थिति में बिना झिझक अपने माता-पिता, शिक्षकों या पुलिस से संपर्क करें।
यह भी पढ़ें: प्रमोशन विवाद में झारखंड सरकार को राहत, हाईकोर्ट ने 12 इंजीनियरों की पदोन्नति बरकरार रखी
सड़क सुरक्षा नियमों पर भी दिया जोर
कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन का संदेश भी दिया गया। अधिकारियों ने हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, ट्रैफिक संकेतों का पालन करने और जिम्मेदारी के साथ सड़क पर चलने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

छात्रों ने पूछे सवाल
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा, ट्रैफिक नियमों और सामाजिक मुद्दों से जुड़े कई सवाल पूछे। पुलिस अधिकारियों ने सरल और व्यावहारिक उदाहरणों के जरिए उनके प्रश्नों का उत्तर दिया। स्कूल प्रबंधन ने कार्यक्रम को उपयोगी बताते हुए पुलिस विभाग का आभार जताया और कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम छात्रों के सुरक्षित और समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।
