Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राज्यसभा चुनाव के निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नाथवानी के नामांकन पत्र में कथित त्रुटि को लेकर विधानसभा सचिवालय में हलचल तेज हो गई है। मामले को लेकर विधानसभा के प्रभारी सचिव एवं रिटर्निंग ऑफिसर रंजीत कुमार के कार्यालय में चर्चा और जांच का दौर जारी है। सूचना मिलने के बाद परिमल नाथवानी स्वयं विधानसभा सचिवालय पहुंचे और नामांकन पत्र से संबंधित उठाई गई आपत्तियों पर अपना पक्ष रख रहे हैं।
नाम में अंतर को लेकर उठी आपत्ति
जानकारी के अनुसार विवाद नामांकन पत्र में दर्ज नाम को लेकर सामने आया है। दस्तावेजों के कुछ हिस्सों में “परिमल नाथवानी” लिखा गया है, जबकि कुछ स्थानों पर “नाथवानी परिमल” अंकित होने की बात कही जा रही है। इसी कथित विसंगति को आधार बनाकर नामांकन पत्र पर आपत्ति दर्ज की गई है। अब रिटर्निंग ऑफिसर यह जांच कर रहे हैं कि यह केवल तकनीकी त्रुटि है या इसका नामांकन प्रक्रिया पर कोई प्रभाव पड़ता है।

रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष रख रहे हैं पक्ष
विवाद की जानकारी मिलते ही परिमल नाथवानी विधानसभा सचिवालय पहुंचे और रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष आवश्यक दस्तावेजों एवं तथ्यों के आधार पर अपना पक्ष प्रस्तुत कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार नामांकन पत्र में दर्ज विवरण और संबंधित दस्तावेजों का मिलान किया जा रहा है, जिसके बाद अंतिम निर्णय लिया जाएगा। नामांकन से जुड़े इस घटनाक्रम के दौरान रिटर्निंग ऑफिसर के कार्यालय में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। राजनीतिक गलियारों में इस मुद्दे को लेकर चर्चा तेज हो गई है और सभी की नजर निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े अगले निर्णय पर टिकी हुई है।
यह भी पढ़ें: सरायकेला में ट्रैक्टर की टक्कर से 11वीं के छात्र की मौत, परिजनों ने थाने का घेराव कर की कार्रवाई और मुआवजे की मांग
जल्द स्पष्ट होगी स्थिति
फिलहाल रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा उठाई गई आपत्तियों की समीक्षा की जा रही है। कुछ समय बाद यह स्पष्ट हो सकेगा कि नामांकन पत्र में वास्तविक त्रुटि क्या है और निर्वाचन अधिकारी इस मामले में क्या फैसला लेते हैं। राज्यसभा चुनाव के बीच सामने आए इस घटनाक्रम ने राजनीतिक माहौल को और गर्म कर दिया है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

