ताला बंद घर में चोरी, लाखों के जेवर और दो मोबाइल लेकर फरार हुए चोर

Rupa Kumari | June 4, 2026
  • आजादनगर के ग्रीन वैली इलाके में वारदात, परिवार ने पुलिस पर कार्रवाई में लापरवाही का लगाया आरोप

Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर: शहर में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला आजादनगर थाना क्षेत्र के ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर-17 स्थित ग्रीन वैली इलाके का है, जहां अज्ञात चोरों ने एक घर में घुसकर लाखों रुपये के जेवरात और दो मोबाइल फोन चोरी कर लिए। घटना के 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए पीड़ित परिवार ने नाराजगी जताई है।

रात में ड्यूटी पर थे पति, सुबह हुआ चोरी का खुलासा

पीड़िता फरजाना खातून ने बताया कि 2 जून की रात उनके पति नाइट ड्यूटी पर गए हुए थे। वह अपनी बेटी के साथ घर के एक कमरे में सो रही थीं। सुरक्षा के लिए मुख्य ग्रिल में ताला लगाया गया था। सुबह पति के ड्यूटी से लौटने के बाद कुछ समय तक सब सामान्य रहा, लेकिन बाद में घर से कीमती सामान गायब होने का पता चला।

ग्रिल का लॉक खोलकर घर में घुसे चोर

परिजनों के अनुसार चोरों ने ग्रिल के बीच से हाथ डालकर अंदर की ओर से लॉक खोल लिया और घर में प्रवेश कर गए। इसके बाद उन्होंने घर में रखे दो वीवो मोबाइल फोन और सोने के कई आभूषण चोरी कर लिए। चोरी हुए सामान में सोने की अंगूठी, झुमका, चूड़ी, कान की बाली और लॉकेट शामिल हैं।

करीब चार लाख रुपये के गहने चोरी

परिवार का दावा है कि चोरी हुए गहनों की कीमत करीब चार लाख रुपये है। सुबह सामान की जांच के दौरान जेवरात और मोबाइल फोन गायब मिले। इसके बाद परिवार ने पूरे घर में तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। मामले की सूचना तत्काल आजादनगर थाना पुलिस को दी गई और लिखित शिकायत भी दर्ज कराई गई। पीड़िता ने बताया कि पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने घटना के दौरान दो से तीन अज्ञात महिलाओं को घर से निकलते हुए देखा था। परिवार को आशंका है कि चोरी की वारदात में उन्हीं महिलाओं का हाथ हो सकता है। यह जानकारी पुलिस को भी दी गई है।

यह भी पढ़ें: बोकारो में रेलवे ट्रैक के पास मिले तीन युवकों के शव, इलाके में फैली सनसनी

पुलिस पर निष्क्रियता का आरोप

फरजाना खातून का आरोप है कि शिकायत दर्ज कराने और संदिग्धों की जानकारी देने के बावजूद पुलिस अब तक घटनास्थल पर जांच के लिए नहीं पहुंची है। स्थानीय लोगों का भी कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस की कार्रवाई अपेक्षित स्तर की नहीं है। घर में लोगों की मौजूदगी के बावजूद चोरी की घटना सामने आने से इलाके के लोगों में भय का माहौल है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से जल्द मामले का खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। फिलहाल पुलिस जांच जारी होने की बात कह रही है, जबकि पीड़ित परिवार कार्रवाई का इंतजार कर रहा है।

Share this news

संबंधित खबरें