Samachar Post रिपोर्टर, कोडरमा : कोडरमा में वन विभाग ने अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में लकड़ी जब्त की है और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सुजानपुर गांव में एसपी आवास के पीछे स्थित एक मकान पर की गई, जहां वन विभाग की टीम ने छापेमारी कर अवैध रूप से भंडारित लकड़ी का बड़ा जखीरा बरामद किया। वन प्रमंडल पदाधिकारी (DFO) सौमित्र शुक्ला के अनुसार विभाग को सूचना मिली थी कि उक्त मकान में अवैध लकड़ियों का भंडारण किया गया है। सूचना के आधार पर विशेष टीम गठित कर अतिरिक्त पुलिस बल की मदद से संयुक्त छापेमारी की गई।
शीशम, सागवान समेत कई कीमती लकड़ियां बरामद
छापेमारी के दौरान मकान के नीचे बने गोदाम से भारी मात्रा में लकड़ी का चिरान और पटरा बरामद हुआ। जब्त लकड़ियों में शीशम, सागवान, सखुआ, गमहार और अकेशिया जैसी कीमती प्रजातियां शामिल हैं। करीब 13 ट्रैक्टर लकड़ी जब्त की गई है। शुरुआती अनुमान के अनुसार जब्त लकड़ी की कीमत 15 से 20 लाख रुपये के बीच बताई जा रही है, हालांकि अंतिम मूल्यांकन जब्ती सूची तैयार होने के बाद ही स्पष्ट होगा।
यह भी पढ़ें: रांची में लापता भाई-बहन चर्च से सकुशल बरामद, धूप में खेलने पर डांट के बाद घर से निकले थे बच्चे
अवैध कटाई के नेटवर्क की जांच
वन विभाग को आशंका है कि यह लकड़ी जिले के विभिन्न जंगलों से अवैध कटाई कर लाई गई थी। गिरफ्तार आरोपियों सूरज साव और केवल साव से पूछताछ जारी है। अधिकारियों का कहना है कि इस तस्करी नेटवर्क में और लोग भी शामिल हो सकते हैं। फिलहाल पूरे मामले की जांच चल रही है और आगे और कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।