Samachar Post रिपोर्टर, गढ़वा : गढ़वा जिले के नगर उंटारी थाना क्षेत्र स्थित कुंबा गांव के अकेलवा तालाब में डूबने से दो मासूम बच्चियों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। बुधवार सुबह तालाब में दोनों बच्चियों के शव मिलने के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई। मृत बच्चियों की पहचान पतरिहा कलां गांव के हरिजन टोला निवासी राजू राम की 8 वर्षीय पुत्री प्रियांशु कुमारी और परमेश्वर राम की 10 वर्षीय पुत्री रेशमा कुमारी के रूप में हुई है।
लकड़ी चुनने निकली थीं दोनों बच्चियां
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 9 बजे दोनों बच्चियां बहवा पहाड़ की ओर लकड़ी चुनने के लिए घर से निकली थीं। देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। इसके बाद ग्रामीणों और परिवार के लोगों ने पूरी रात आसपास के इलाकों में उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
यह भी पढ़ें: गिरिडीह में देह व्यापार रैकेट का खुलासा, दो नाबालिग बहनों को छुड़ाया गया
तालाब में तैरते मिले शव
बुधवार सुबह गांव के कुछ बच्चे शौच के लिए तालाब किनारे पहुंचे। इसी दौरान उन्होंने तालाब में दो शव तैरते हुए देखे। बच्चों के शोर मचाने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और दोनों शवों को तालाब से बाहर निकाला गया। घटना की सूचना मिलते ही नगर उंटारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबने की आशंका
स्थानीय ग्रामीण अरुण तिवारी के अनुसार, दोनों बच्चियां लकड़ी चुनने के दौरान भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए तालाब में नहाने उतरी थीं। संभवतः उन्हें तालाब की गहराई का अंदाजा नहीं था और वे गहरे पानी में चली गईं, जिससे डूबने से उनकी मौत हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले भी इस तालाब में डूबने की कई घटनाएं हो चुकी हैं। घटना के बाद लोगों ने प्रशासन से तालाब के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, घेराबंदी कराने और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।