Samachar Post रिपोर्टर,कोडरमा :कोडरमा जिले के सतगांवां थाना क्षेत्र स्थित मीरगंज पंचायत के पचौरी गांव में एक प्रेम विवाह अब विवादों में घिर गया है। इंस्टाग्राम पर शुरू हुई दोस्ती प्यार में बदली, लेकिन शादी के कुछ घंटों बाद ही मामला दहेज मांग और दूल्हे के फरार होने तक पहुंच गया। घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। जानकारी के मुताबिक, पचौरी गांव की रहने वाली काजल कुमारी की पहचान इटाय गांव निवासी रोशन कुमार से इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और प्रेम संबंध शुरू हो गया।
यह भी पढ़ें :CM हेमंत आज से करेंगे विभागों की समीक्षा, 11 जून तक चलेंगी मैराथन बैठकेंदोनों एक-दूसरे से मिलने भी लगे थे।
गांव वालों ने मंदिर में कराई शादी
बताया जा रहा है कि 21 मई की रात रोशन कुमार काजल से मिलने उसके गांव पहुंचा था। इसी दौरान ग्रामीणों ने दोनों को साथ देख लिया। गांव में बात फैलते ही माहौल गर्म हो गया और ग्रामीणों ने दोनों को पकड़ लिया। स्थानीय लोगों की मौजूदगी में गांव के मंदिर में दोनों की शादी कराई गई। इस दौरान काफी देर तक हंगामा और हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। बताया जा रहा है कि रोशन शादी के लिए तैयार नहीं था, लेकिन ग्रामीणों के दबाव के कारण उसे विवाह करना पड़ा। बाद में हिंदू रीति-रिवाज से दोनों की शादी संपन्न कराई गई।
शादी के कुछ घंटे बाद दूल्हा हुआ फरार
शादी के बाद नवविवाहित जोड़े को काजल के घर लाया गया, जहां परिवार के लोग शादी की रस्में निभा रहे थे। इसी बीच काजल का आरोप है कि रोशन किसी बहाने से घर से बाहर निकला और फिर वापस नहीं लौटा। परिजनों ने दो दिनों तक उसका इंतजार किया, लेकिन जब वह वापस नहीं आया तो मामला पुलिस तक पहुंच गया। काजल ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि कुछ देर बाद रोशन के परिवार के लोग उसकी मां और मौसी समेत सात-आठ लोगों के साथ घर पहुंचे। वहां गाली-गलौज की गई और दहेज में 10 लाख रुपये की मांग की गई। आरोप है कि विरोध करने पर परिवार को धमकी दी गई और सभी वहां से चले गए।
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले को लेकर सतगांवां थाना प्रभारी बबलू सिंह ने बताया कि काजल कुमारी के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सभी आरोपों की पड़ताल की जा रही है।
Reporter | Samachar Post