मेदिनीनगर में बिजली कटौती से लोग परेशान, झामुमो ने दी आंदोलन की चेतावनी

Rupa Kumari | May 21, 2026 | 04:52 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची: मेदिनीनगर में भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर लोगों की परेशानी बढ़ गई है। इस मुद्दे पर झामुमो नेताओं ने बिजली विभाग के महाप्रबंधक श्रवण कुमार से मुलाकात कर जल्द सुधार की मांग की।प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व झामुमो नेता सन्नी शुक्ला ने किया। इस दौरान झामुमो नेता आशुतोष विनायक, वार्ड पार्षद रौशन कुमार नाग, किसान मोर्चा अध्यक्ष वशिष्ठ सिंह और युवा नेता मुकेश चौधरी भी मौजूद रहे।

46 डिग्री तापमान में बिजली संकट से बढ़ी परेशानी

सन्नी शुक्ला ने कहा कि मेदिनीनगर शहर में पिछले कई दिनों से बिजली आपूर्ति की स्थिति बेहद खराब बनी हुई है। बिना पूर्व सूचना के बार-बार बिजली काटे जाने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि शहर में तापमान करीब 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। ऐसे में लगातार बिजली कटौती लोगों के लिए गंभीर समस्या बन गई है।

यह भी पढ़ें: जमशेदपुर में महिला से पर्स छीनकर फरार हुए बाइक सवार बदमाश, CCTV जांच में जुटी पुलिस

बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों पर सबसे ज्यादा असर

झामुमो नेताओं ने कहा कि बिजली संकट का सबसे ज्यादा असर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों पर पड़ रहा है। रात में बिजली नहीं रहने से लोगों की नींद प्रभावित हो रही है, जबकि दिन में तेज गर्मी के कारण घरों में रहना मुश्किल हो गया है। उन्होंने यह भी कहा कि अस्पतालों और मरीजों को भी बिजली संकट के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

पानी सप्लाई और कारोबार भी प्रभावित

आशुतोष विनायक ने कहा कि बिजली कटौती का असर केवल घरेलू जीवन तक सीमित नहीं है। पेयजल आपूर्ति, छोटे कारोबार, दुकानदारों और व्यापारिक गतिविधियों पर भी इसका बुरा असर पड़ रहा है। बिजली नहीं रहने से पानी की सप्लाई बाधित हो रही है, जिससे लोगों को दोहरी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

जल्द सुधार नहीं हुआ तो होगा आंदोलन

झामुमो नेताओं ने बिजली विभाग से शहर में नियमित और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही स्थायी समाधान निकालने के लिए जरूरी कदम उठाने की बात कही। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो जनता के साथ मिलकर आंदोलन किया जाएगा।

Share this news

संबंधित खबरें