Samachar Post रिपोर्टर, रांची :रांची जिले में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को लेकर प्रशासन ने बड़ी तैयारी शुरू कर दी है। 23 मई को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर अन-मैप्ड इलेक्टोरल लिस्ट जारी की जाएगी। इस सूची के जरिए वैसे मतदाता अपना नाम जांच सकेंगे, जिनका नाम अब तक पुरानी मतदाता सूची से मैप नहीं हो पाया है। जिला प्रशासन के मुताबिक, डीसी मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर जिले के सातों विधानसभा क्षेत्रों के सभी बूथों पर यह सूची उपलब्ध कराई जाएगी।
यह भी पढ़ें :गुमला से नाबालिग छात्रा को बहला-फुसलाकर भगाने वाला आरोपी रांची से गिरफ्तार, 6 घंटे में पुलिस की बड़ी कार्रवाई
इन विधानसभा क्षेत्रों के बूथों पर मिलेगी सूची
प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार तमाड़, सिल्ली, खिजरी, रांची, हटिया, कांके और मांडर विधानसभा क्षेत्रों के सभी मतदान केंद्रों पर नई सूची उपलब्ध रहेगी। बताया गया है कि जिन लोगों का नाम वर्ष 2003 की पिछली एसआईआर मतदाता सूची से अब तक अपडेट या मैप नहीं हो पाया है, वे अपने संबंधित बूथ पर जाकर सूची में अपना नाम देख सकते हैं।
सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक होगी जांच
मतदाता 23 मई को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक अपने मतदान केंद्र पहुंचकर सूची की जांच कर सकेंगे। सभी बूथों पर बीएलओ भी मौजूद रहेंगे, ताकि लोगों को नाम खोजने और जरूरी प्रक्रिया पूरी करने में सहायता मिल सके। जिले के सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि हर मतदान केंद्र पर सूची का प्रकाशन सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला शिक्षा अधीक्षक को भी निर्देश दिया गया है कि उनके विभाग से जुड़े बीएलओ और सुपरवाइजर मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहें।
लोगों से बूथ पहुंचने की अपील
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें लगता है कि उनका नाम पुरानी मतदाता सूची से मैप नहीं हुआ है, तो वे 23 मई को अपने मतदान केंद्र जरूर जाएं। वहां सूची की जांच करने के बाद बीएलओ से संपर्क कर आगे की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।
Reporter | Samachar Post