Samachar Post रिपोर्टर, रांची: झारखंड में शनिवार 16 मई से मौसम का रुख बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में अगले सात दिनों तक बादल छाए रहने, बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने बताया है कि उत्तर-पूर्वी और मध्य झारखंड के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके साथ मेघ गर्जन और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है। राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में भी बादल छाने, गरज और बारिश के संकेत हैं।
तेज हवा और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिमी जिलों को छोड़कर राज्य के अधिकांश हिस्सों में तेज हवा और आकाशीय बिजली को लेकर चेतावनी जारी की है। 16 मई को कई क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं 17 मई को धनबाद, गिरिडीह, बोकारो, रामगढ़, कोडरमा और रांची समेत कई जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा, बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है।
यह भी पढ़ें: जमशेदपुर के पुराना कोर्ट कैंपस में फर्जी एफिडेविट रैकेट का खुलासा, अधिवक्ताओं ने उठाई कार्रवाई की मांग
18 से 21 मई तक सक्रिय रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक 18 और 19 मई को राज्य के अधिकांश हिस्सों में मेघ गर्जन, बारिश और तेज हवा का असर बना रहेगा। वहीं 20 और 21 मई को उत्तर-पूर्वी और मध्य झारखंड में मौसम ज्यादा सक्रिय हो सकता है। हालांकि गढ़वा और पलामू जैसे उत्तर-पश्चिमी जिलों में हीट वेव का असर जारी रहने की संभावना है।
रांची में तापमान में उतार-चढ़ाव
रांची में 19 मई तक आंशिक बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार 16 मई को अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इसके बाद 17 मई को तापमान 36/25, 18 मई को 37/25 और 19 मई को 38/23 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने और आकाशीय बिजली के समय सतर्कता बरतने की अपील की है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।