Samachar Post रिपोर्टर, रांची: राजधानी रांची में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए पुलिस प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। बुधवार को एसपी (यातायात) राकेश सिंह की अध्यक्षता में हुई अहम बैठक में शहर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का फैसला लिया गया। बैठक में ट्रैफिक थाना प्रभारी समेत यातायात विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़क सुरक्षा को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
ब्लैक फिल्म और प्रेशर हॉर्न पर कार्रवाई
बैठक में साफ निर्देश दिया गया कि ब्लैक फिल्म लगी गाड़ियां, फैंसी नंबर प्लेट, मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न लगाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा तेज रफ्तार में लापरवाही से वाहन चलाने और नशे की हालत में ड्राइविंग करने वालों पर भी विशेष अभियान चलाया जाएगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऐसे वाहन और चालक आम लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा बनते जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: चतरा में वाहन चेकिंग के दौरान शराब तस्कर गिरफ्तार, 96 बोतल अंग्रेजी शराब जब्त
ओवरलोडिंग और नाबालिग ड्राइविंग पर भी नजर
ट्रैफिक पुलिस ने ओवरलोडिंग को लेकर भी सख्त रुख अपनाया है। तय क्षमता से ज्यादा यात्रियों को ढोने वाले वाहनों पर कार्रवाई होगी। वहीं नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के मामलों में भी विशेष जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है। पुलिस ने कहा है कि ऐसे मामलों में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ऑटो और टोटो चालकों को यूनिफॉर्म जरूरी
बैठक में ऑटो और टोटो चालकों को लेकर भी अहम निर्देश जारी किए गए। पुलिस ने कहा कि सभी चालकों को निर्धारित यूनिफॉर्म पहनना अनिवार्य होगा, ताकि यात्रियों को पहचान और सुरक्षा का भरोसा मिल सके। इसके साथ ही ट्रैफिक पोस्ट और चौक-चौराहों पर बेवजह वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
नंबर प्लेट छिपाने वालों पर विशेष अभियान
वाहनों के नंबर प्लेट पर टेप लगाने, नंबर छिपाने या गलत तरीके से नंबर लिखने वालों के खिलाफ भी विशेष अभियान चलाया जाएगा। पुलिस का कहना है कि कई लोग नियमों से बचने के लिए नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करते हैं, लेकिन अब ऐसे मामलों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।

स्कूल टाइम में ट्रैफिक व्यवस्था पर फोकस
स्कूल खुलने और छुट्टी के समय होने वाले जाम को देखते हुए ट्रैफिक थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया है। खासकर स्कूलों के आसपास सड़क पर वाहन खड़ा करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी, ताकि बच्चों और अभिभावकों को जाम की परेशानी से राहत मिल सके। रांची ट्रैफिक पुलिस ने साफ किया है कि शहर में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारना अब प्राथमिकता है और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।
