Samachar Post रिपोर्टर, रांची :Levee Bar & Restaurant में मंगलवार तड़के करीब 4 बजे अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने रेस्टोरेंट से उठती तेज लपटें और धुएं को देखकर तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
घंटों की मशक्कत के बाद आग पर पाया गया काबू
सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने काफी देर तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर आग पर काबू पाया। आग इतनी भयावह थी कि रेस्टोरेंट के अंदर रखा फर्नीचर, किचन इक्विपमेंट और अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि घटना के समय रेस्टोरेंट बंद था, इसलिए वहां कोई कर्मचारी या ग्राहक मौजूद नहीं था। इसी वजह से किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। स्थानीय लोगों के अनुसार, आग की लपटें काफी ऊंची थीं और धुआं दूर-दूर तक फैल गया था। हालांकि, दमकल विभाग की तत्परता से आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया, जिससे आसपास की दुकानों और इमारतों को नुकसान नहीं पहुंचा।
जांच में जुटी पुलिस और फायर विभाग
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। फायर विभाग के अधिकारियों का कहना है कि आग लगने के वास्तविक कारणों और कुल नुकसान का आकलन जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
Reporter | Samachar Post