Samachar Post रिपोर्टर, साहिबगंज: साहिबगंज के युवा अमन आयुष्कर ने भारतीय वन सेवा (IFS) परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर 27वां रैंक हासिल कर जिले और पूरे झारखंड का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर साहिबगंज वन प्रमंडल की ओर से सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
वन विभाग ने किया सम्मानित
प्रमंडलीय वन कार्यालय, साहिबगंज में आयोजित कार्यक्रम में वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रबल गर्ग ने अमन आयुष्कर को शॉल, मोमेंटो और पौधा भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान अधिकारियों ने उनकी सफलता पर खुशी जताते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान अमन आयुष्कर ने जिला वन पदाधिकारी से शिष्टाचार मुलाकात भी की।
यह भी पढ़ें: गढ़वा में तेज रफ्तार बाइक खाई में गिरी, तीन युवक गंभीर रूप से घायल
युवाओं के लिए प्रेरणा बने अमन
वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रबल गर्ग ने कहा कि अमन आयुष्कर की सफलता साहिबगंज ही नहीं, बल्कि पूरे राज्य के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि कड़ी मेहनत, दृढ़ संकल्प और लगातार प्रयास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि भारतीय वन सेवा देश की महत्वपूर्ण सेवाओं में से एक है, जो वन, वन्यजीव और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी जिम्मेदारियों का निर्वहन करती है।
पर्यावरण संरक्षण में निभाएंगे अहम भूमिका
प्रबल गर्ग ने विश्वास जताया कि अमन आयुष्कर अपनी कार्यशैली और सेवा भावना से विभाग और देश का नाम आगे भी गौरवान्वित करेंगे। इस अवसर पर वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी अमन को बधाई देते हुए उनके सफल प्रशासनिक जीवन की कामना की।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।