Samachar Post रिपोर्टर, रांची :रांची जिले के सभी निजी स्कूलों के प्राचार्यों के लिए जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। यह बैठक शनिवार को उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में आयोजित होगी। बैठक में CBSE, ICSE, JAC समेत विभिन्न बोर्डों से संबद्ध सभी निजी विद्यालयों के प्राचार्य या उनके अधिकृत प्रतिनिधियों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है।
यह भी पढ़ें :झारखंड में जमीन रजिस्ट्री और म्यूटेशन का काम ठप, 9 मई से बहाल होने की उम्मीद
आर्यभट्ट सभागार में होगी बैठक
जिला प्रशासन के अनुसार बैठक आर्यभट्ट सभागार में पूर्वाह्न 11:30 बजे आयोजित की जाएगी। बैठक से पहले सुबह 11:00 बजे से पंजीकरण प्रक्रिया शुरू होगी। सभी प्रतिनिधियों को समय पर पहुंचकर रजिस्ट्रेशन कराने का निर्देश दिया गया है।
RTE नियमों और नामांकन प्रक्रिया पर चर्चा
बैठक में शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE) से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी। संभावना जताई जा रही है कि निजी स्कूलों में आरटीई के तहत नामांकन, सीट आवंटन, नियमों के पालन और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए जा सकते हैं।
सभी स्कूलों की उपस्थिति अनिवार्य
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रांची जिले के सभी निजी विद्यालयों के प्राचार्य या अधिकृत प्रतिनिधियों की उपस्थिति अनिवार्य होगी। प्रशासन के मुताबिक यह केवल औपचारिक बैठक नहीं, बल्कि शिक्षा व्यवस्था से जुड़े अहम मुद्दों पर समन्वय बैठक है। प्रशासन ने सभी स्कूल प्रबंधन से निर्धारित समय से पहले बैठक स्थल पर पहुंचने की अपील की है, ताकि पंजीकरण प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हो सके और बैठक समय पर शुरू की जा सके।
Reporter | Samachar Post