Samachar Post रिपोर्टर,जामताड़ा :जामताड़ा के मिहिजाम क्षेत्र में निर्मल महतो चौक से बड़जोड़ा होते हुए सतशाल तक बन रही बाईपास सड़क लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। बड़जोड़ा पुल से गोराईनाला दास टोला क्रिकेट मैदान तक करीब एक किलोमीटर का हिस्सा लंबे समय से अधूरा पड़ा है। यहां केवल पत्थर डालकर छोड़ दिया गया है, जिससे यह मार्ग बेहद खतरनाक हो गया है।
यह भी पढ़ें :बीजेपी ने सत्ता संभाली भी नहीं और बंगाल में अशांति…, TMC सांसद सायोनी घोष का आरोप
रोजमर्रा की जिंदगी पर असर
इस सड़क से हर दिन सैकड़ों लोग गुजरते हैं। मजदूर, किसान और आम नागरिकों के साथ-साथ छात्र-छात्राएं भी इसी रास्ते से मिहिजाम आते-जाते हैं। आपातकालीन स्थिति में मरीजों को अस्पताल ले जाने के लिए भी यही मार्ग उपयोग में आता है, लेकिन इसकी खराब स्थिति लोगों के लिए जोखिम बन गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क के अन्य हिस्सों का निर्माण पूरा हो चुका है, लेकिन इस एक किलोमीटर हिस्से को अधूरा छोड़ दिया गया है। इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता और निगरानी पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
JLKM ने प्रशासन से मांगा जवाब
इस मुद्दे पर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के जिलाध्यक्ष मनतोष कुमार महतो ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने प्रशासन से पूछा है कि आखिर इस हिस्से का निर्माण कार्य क्यों रुका हुआ है। उन्होंने कहा कि चाहे मामला भू-अर्जन का हो या मुआवजे से जुड़ा विवाद, आम जनता को इस तरह खतरे में नहीं छोड़ा जा सकता।
आंदोलन की चेतावनी
मनतोष महतो ने जिला प्रशासन और उपायुक्त से हस्तक्षेप की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ, तो संगठन जनता के साथ मिलकर सड़क जाम और उग्र आंदोलन करेगा। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
Reporter | Samachar Post