Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लेने के लिए उपायुक्त आलोक कुमार ने सोमवार शाम सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल की लचर व्यवस्था, गंदगी और अव्यवस्था को देखकर उपायुक्त नाराज हो गए और अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।
कई विभागों का किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान ओपीडी, पुरुष एवं महिला वार्ड, एसएनसीयू, बर्न वार्ड, अल्ट्रासाउंड केंद्र, डायलिसिस यूनिट और ऑपरेशन थिएटर समेत लगभग सभी विभागों का जायजा लिया गया। इस दौरान अस्पताल में ड्यूटी रोस्टर नहीं मिलने पर उपायुक्त ने सख्त नाराजगी जताई और तुरंत रोस्टर चस्पा करने का निर्देश दिया।
यह भी पढ़ें: हजारीबाग में सप्लाई घोटाला उजागर: 17 लाख के ऑर्डर में 9 लाख का सामान गायब
मरीजों से बातचीत में खुली खामियां
उपायुक्त ने मरीजों और उनके परिजनों से सीधे बातचीत की, जिसमें कई कमियां सामने आईं। कई बेड पर मरीजों की हिस्ट्री टिकट और जांच रिपोर्ट नहीं मिली। एक महिला मरीज द्वारा बेडशीट नहीं मिलने की शिकायत पर संबंधित कर्मियों को फटकार लगाई गई।
सफाई और सुविधाओं पर सख्ती
अस्पताल परिसर में गंदगी, मकड़जाल, खराब बाथरूम और अव्यवस्थित दवा स्टोर को लेकर उपायुक्त ने सिविल सर्जन को कड़े निर्देश दिए। साथ ही हेल्थ इंफॉर्मेशन कियोस्क को तुरंत चालू करने और मरीजों के भोजन का मेन्यू सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करने को कहा गया।
मरीजों से बातचीत में खुली खामियां
निरीक्षण के अंत में उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि 4-5 दिनों के भीतर फिर से निरीक्षण किया जाएगा और यदि तब तक व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।