- परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल, समाज सेवा का जताया संकल्प
Samachar Post रिपोर्टर, रांची : टाटीसिलवे निवासी ऋतिक राज ने एमबीबीएस की पढ़ाई उत्कृष्ट अंकों के साथ पूरी कर डॉक्टर की उपाधि हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, रिश्तेदारों और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ऋतिक की सफलता पर लोगों ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
ऋतिक के पिता सार्वभौम शाद्वीपीय ब्राह्मण महासंघ रांची ग्रामीण जिला के उपाध्यक्ष अभय कुमार मिश्र ने बेटे की सफलता पर गर्व जताया। उन्होंने कहा कि यह ऋतिक की मेहनत, अनुशासन और लगन का परिणाम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनका बेटा आगे चलकर समाज और जरूरतमंदों की सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
अच्छा व संवेदनशील डॉक्टर बनकर समाज के लोगों की सेवा करना लक्ष्य
ऋतिक राज ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और ईश्वर को दिया। उन्होंने कहा कि परिवार के सहयोग और शिक्षकों के मार्गदर्शन के बिना यह संभव नहीं था। उन्होंने आगे कहा कि उनका लक्ष्य एक अच्छा और संवेदनशील डॉक्टर बनकर समाज के हर वर्ग के लोगों की सेवा करना है।
ऋतिक के डॉक्टर बनने की खबर मिलते ही टाटीसिलवे क्षेत्र में बधाई देने वालों का तांता लग गया। लोगों ने इसे क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बताया और कहा कि इस तरह की उपलब्धियां युवाओं को प्रेरित करती हैं।