Samachar Post रिपोर्टर,गुमला :झारखंड के गुमला जिले में अवैध बालू खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ा कदम उठाया है। बसिया थाना क्षेत्र में अवैध बालू भंडारण के मामले में 10 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिससे अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
यह भी पढ़ें :रांची में जमीन कारोबारी भार्गव सिंह की मौत, पुलिस ने मास्टरमाइंड विजय टेटे को दबोचा
टास्क फोर्स की छापेमारी में बड़ा खुलासा
17 अप्रैल 2026 को जिला टास्क फोर्स ने गुप्त सूचना के आधार पर बसिया अंचल के मौजा बोगालोया और आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी की। इस दौरान मौके से करीब 30,000 घनफीट अवैध बालू जब्त किया गया। इसके बाद खनन विभाग ने जांच कर इस अवैध कारोबार में शामिल लोगों की पहचान की, जिसके आधार पर मामला दर्ज किया गया।
बिना लाइसेंस चल रहा था पूरा नेटवर्क
खनन विभाग के अनुसार संबंधित स्थान पर बिना किसी वैध पट्टा या अनुमति के बालू का उत्खनन, परिवहन और भंडारण किया जा रहा था। यह सीधे तौर पर सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने वाला मामला है। आरोपियों के खिलाफ खनन एवं खनिज अधिनियम 1957 समेत अन्य संबंधित नियमों के तहत केस दर्ज किया गया है। इस मामले में जिन 10 लोगों को नामजद किया गया है, वे गुमला जिले के अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी हैं। इनमें पार्थ सिंह, ईश्वर गोप, अजीत इंदवार, सोमरा उरांव, कुलदीप उरांव, बैजनाथ गोप, धरमा बड़िया, राजेंद्र गोप, कारू सिंह और जबर खान शामिल हैं।
जांच तेज, गिरफ्तारी की तैयारी
मामले की जांच की जिम्मेदारी बसिया थाना के सब-इंस्पेक्टर संगम कुमार को सौंपी गई है। पुलिस पूरे नेटवर्क का पता लगाने और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
Reporter | Samachar Post