Samachar Post रिपोर्टर,कोडरमा :कोडरमा के तिलैया थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध हालत में मिलने से हड़कंप मच गया। घटना रांची-पटना मुख्य मार्ग (NH-20) पर तिलैया बस्ती अंडरपास के पास की है। मृतक की पहचान 26 वर्षीय राजकमल श्रीवास्तव उर्फ गोलू के रूप में हुई है, जो इंदरवा बस्ती का रहने वाला था। वह बालू सप्लाई का काम करता था और तीन महीने पहले ही उसकी सगाई हुई थी। बताया जा रहा है कि उसने दो दिन पहले दोस्तों के साथ अपना जन्मदिन मनाया था।
यह भी पढ़ें :गांडेय में कल्पना सोरेन का जनता दरबार, ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश
रातभर घर नहीं लौटने पर बढ़ी चिंता
परिजनों के अनुसार राजकमल बुधवार दोपहर बाइक से घर से निकले थे। देर शाम तक वापस नहीं आने पर फोन करने पर उन्होंने जल्द लौटने की बात कही, लेकिन वह रातभर घर नहीं पहुंचे। गुरुवार सुबह राहगीरों ने सड़क किनारे शव देखकर परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक क्षतिग्रस्त बाइक भी बरामद की गई है, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
पुलिस का कहना है कि शरीर पर मिले जख्मों से प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का लग रहा है। हालांकि परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि अगर यह हादसा होता तो बाइक और अन्य सामान पास में ही मिलते।
हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस
मृतक के परिजनों का आरोप है कि हत्या के बाद शव को यहां फेंका गया है। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
Reporter | Samachar Post