Samachar Post रिपोर्टर,रांची :झारखंड राज्य आकलन प्रशिक्षित सहायक अध्यापक संघर्ष मोर्चा ने अपने आंदोलन को तेज करने का ऐलान कर दिया है। संगठन की ओर से स्पष्ट कर दिया गया है कि 18 अप्रैल से मुख्यमंत्री आवास के बाहर अनिश्चितकालीन धरना और आमरण अनशन शुरू किया जाएगा। इस आंदोलन में राज्यभर के करीब 40 हजार सहायक शिक्षकों के शामिल होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें :रांची में ‘स्वच्छांदोलन रैली’ में उमड़ा जनसैलाब, शहरभर में गूंजा सफाई का संदेश
14 अप्रैल को रणनीति, 18 से अनशन शुरू
संघर्ष मोर्चा के निर्देश पर राज्य के विभिन्न प्रखंडों में लगातार बैठकें की जा रही हैं। हालांकि कुछ जगहों पर बैठकें नहीं हो सकी हैं, लेकिन संगठन ने 14 अप्रैल को सभी जिलों में बैठक कर अंतिम रणनीति तय करने का निर्णय लिया है। इसके बाद 18 अप्रैल से मुख्यमंत्री आवास के सामने अनिश्चितकालीन अनशन शुरू होगा। शिक्षकों का कहना है कि 19 अप्रैल तक अगर सरकार के साथ कोई सम्मानजनक समझौता नहीं हुआ, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। आंदोलन को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारी की जा रही है। 18 और 19 अप्रैल को हर प्रखंड और जिले से नेतृत्वकारी सदस्य अनशन में शामिल होंगे। इसके बाद 20 और 21 अप्रैल को सहायक शिक्षक आकस्मिक अवकाश लेकर धरना स्थल पर पहुंचेंगे। जरूरत पड़ने पर आगे भी चरणबद्ध तरीके से शिक्षकों की भागीदारी जारी रखी जाएगी।
धरना स्थल के लिए की जा रही तैयारी
धरना स्थल पर आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था के लिए भी मोर्चा की ओर से तैयारी शुरू कर दी गई है। दरी, पंडाल, कूलर, साउंड सिस्टम और रोशनी जैसी व्यवस्थाओं के लिए फंड जुटाया जा रहा है। महिला शिक्षकों के लिए विशेष रूप से पानी, शौचालय और ठहरने की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।
सरकार से वार्ता नहीं हुई तो और तेज होगा आंदोलन
शिक्षकों का कहना है कि पहले हुए समझौते के बावजूद उनकी मांगों पर अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। आकलन परीक्षा को टेट के समकक्ष मान्यता देने और वेतनमान को लेकर असंतोष लगातार बढ़ रहा है। इसी वजह से बड़ी संख्या में शिक्षक अब आंदोलन के जरिए अपनी आवाज बुलंद करने के लिए तैयार हैं। संघर्ष मोर्चा ने साफ संकेत दिया है कि यदि एक सप्ताह के भीतर सरकार के साथ बातचीत नहीं होती है, तो आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है। संगठन का कहना है कि वे अपनी मांगों को लेकर इस बार आर-पार की लड़ाई के मूड में हैं।
Reporter | Samachar Post