Samachar Post रिपोर्टर,जामताड़ा :जिले के सदर अस्पताल से सोमवार सुबह एक खुशी भरी खबर सामने आई। यहां एक महिला ने एक साथ तीन बच्चों को जन्म दिया, जिनमें दो बेटे और एक बेटी शामिल हैं। खास बात यह है कि तीनों बच्चों का जन्म नॉर्मल डिलीवरी से हुआ है। जानकारी के अनुसार, पंजनिया गांव निवासी आरती कुमारी तुरी को प्रसव पीड़ा होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सोमवार सुबह करीब 5 बजे उन्होंने तीन बच्चों को जन्म दिया। डॉक्टरों के मुताबिक, सबसे पहले बेटी का जन्म हुआ, उसके बाद दो बेटों ने जन्म लिया।
यह भी पढ़ें :झारखंड में बढ़ेगी भीषण गर्मी: 20 अप्रैल के बाद पारा 40°C तक, लू का अलर्ट
मां स्वस्थ, बच्चों की विशेष निगरानी
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, आरती पहले से दो बेटियों की मां हैं। फिलहाल प्रसव के बाद उनकी स्थिति पूरी तरह सामान्य है और डॉक्टरों की निगरानी में हैं। हालांकि, तीनों नवजातों का वजन सामान्य से कम होने के कारण उन्हें विशेष देखभाल में रखा गया है। एहतियात के तौर पर बच्चों को SNCU (स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट) में ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है।
परिवार में खुशी का माहौल
तीनों बच्चों के सुरक्षित जन्म की खबर मिलते ही परिजनों में खुशी की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोग इसे कुदरत का करिश्मा और डॉक्टरों की कुशलता मान रहे हैं, क्योंकि ऐसे मामलों में अक्सर सिजेरियन डिलीवरी की जरूरत पड़ती है, लेकिन यहां नॉर्मल डिलीवरी सफल रही।
Reporter | Samachar Post