Samachar Post रिपोर्टर, रांची: राजधानी रांची में नकली ब्रांडेड प्रोडक्ट बनाने और बेचने के धंधे का खुलासा हुआ है। HP कंपनी की शिकायत पर चुटिया थाना पुलिस ने अनंतपुर स्थित मालाबार रिसॉर्ट के एक फ्लैट में छापेमारी कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राकेश कुमार बारी के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ का रहने वाला बताया जा रहा है।
फ्लैट में चल रहा था नकली सामान बनाने का काम
पुलिस को सूचना मिली थी कि मालाबार रिसॉर्ट के फ्लैट नंबर 502 में नकली HP टोनर और इंक कार्ट्रिज तैयार किए जा रहे हैं। इसके बाद थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम गठित कर छापेमारी की गई। मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि फ्लैट से भारी मात्रा में नकली उत्पाद और पैकिंग सामग्री बरामद की गई।
यह भी पढ़ें: बोकारो ट्रेजरी घोटाला: 25 महीनों में 63 बार निकासी, 3.15 करोड़ से बढ़कर 4.29 करोड़ पहुंची रकम
भारी मात्रा में नकली सामान बरामद
छापेमारी के दौरान 170 नकली HP टोनर बॉक्स, 45 इंक बोतल (GT53XL और GT52), 600 बबल बैग, 810 कूरियर स्टिकर, 390 एमआरपी स्टिकर, 540 वार्निंग स्टिकर, 330 होलोग्राम, 590 आउटर बॉक्स शीट और 30 खाली टोनर बरामद किए गए। इसके अलावा एम्बॉसिंग लेजर मशीन, एमआरपी प्रिंट मशीन, पंचिंग मशीन, ब्लोअर, ग्लू गन और एयर फुट पंप जैसे उपकरण भी जब्त किए गए हैं।
नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
पुलिस के अनुसार, बरामद मशीनों की मदद से फ्लैट में ही नकली ब्रांडेड सामान तैयार कर बाजार में सप्लाई किया जा रहा था। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और इस धंधे से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। कार्रवाई में चुटिया थाना प्रभारी पुनम कुजूर, एसआई भवेश कुमार और एसआई निरंजन कुमार महतो शामिल थे। पुलिस ने कहा कि नकली ब्रांडेड सामान के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि उपभोक्ताओं को ठगी से बचाया जा सके।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।