जामताड़ा में जूता व्यवसायी के घर-गोदाम पर फायरिंग, देर रात गोलियों की आवाज से दहशत

Rupa Kumari | April 2, 2026 | 01:06 PM IST
  • बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने की दो राउंड फायरिंग, CCTV खंगाल रही पुलिस

Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा: झारखंड के जामताड़ा जिले में बुधवार देर रात अपराधियों ने दहशत फैलाने की कोशिश की। मिहिजाम थाना क्षेत्र के कानगोई इलाके में स्थित ‘राजू फुटवेयर’ के संचालक के घर और गोदाम पर अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

बाइक सवार बदमाशों ने की फायरिंग

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 10 बजे एक बाइक पर सवार नकाबपोश अपराधी पहुंचे और बिना किसी चेतावनी के घर और गोदाम की ओर फायरिंग शुरू कर दी। दो राउंड गोली चलाने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। गोलियों की आवाज सुनते ही आसपास के लोग सहम गए और अपने घरों से बाहर निकल आए। घटना के बाद पूरे इलाके में डर और तनाव का माहौल बना हुआ है। राहत की बात यह रही कि इस फायरिंग में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

यह भी पढ़ें: विष्णुगढ़ हत्याकांड में बड़ा खुलासा: आरोपी के BJP कनेक्शन पर JMM का हमला

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही मिहिजाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से खोखे और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

अधिकारियों ने संभाली कमान

जांच के लिए विकास आनंद लागुरी (SDPO, जामताड़ा) और विवेकानंद दुबे (थाना प्रभारी) देर रात तक मौके पर डटे रहे और मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच करते रहे। फुटवेयर दुकान के संचालक राजू प्रसाद ने बताया कि उनके घर और गोदाम पर दो राउंड फायरिंग की गई, जिससे परिवार और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

इस घटना ने इलाके की पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।

Share this news

संबंधित खबरें