झारखंड के हजारीबाग में मासूम बच्ची के साथ हुई दरिंदगी और हत्या के बाद अब राजनीतिक माहौल गरमा गया है। BJP ने इस घटना के विरोध में बड़ा कदम उठाते हुए 3 अप्रैल को झारखंड बंद का ऐलान किया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने नई दिल्ली में प्रेसवार्ता कर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि झारखंड में कानून व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ चुकी है और बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। यह घटना समाज को झकझोर देने वाली है।
यह भी पढ़ें :पलामू में बड़ी कार्रवाई: 215 किलो डोडा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
2 अप्रैल को मशाल जुलूस, 3 अप्रैल को बंद
BJP ने आंदोलन की पूरी रणनीति भी घोषित कर दी है। अगर दो दिनों के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो 2 अप्रैल को जिला और प्रखंड मुख्यालयों में मशाल जुलूस निकाला जाएगा। इसके बाद 3 अप्रैल को पूरे राज्य में बंद कराया जाएगा।
सरकार पर सीधा निशाना
आदित्य साहू ने राज्य सरकार और मंत्रियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता में डर का माहौल है। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी घटनाओं में सिर्फ मुआवजा देना समाधान नहीं है, बल्कि दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने मामले में झारखंड हाईकोर्ट द्वारा संज्ञान लेने पर आभार जताया और उम्मीद जताई कि कोर्ट की निगरानी में पीड़ित परिवार को न्याय मिलेगा।
जमीनी स्तर पर भी विरोध तेज
इचाक क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मशाल जुलूस निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने बाजार में मार्च करते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त सजा की मांग की। इस दौरान सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे और इलाके में आक्रोश का माहौल देखा गया।
Reporter | Samachar Post