Samachar Post रिपोर्टर, रांची: रांची के सदर अस्पताल में सोमवार को उपाधीक्षक डॉ. बिमलेश कुमार सिंह ने औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने इमरजेंसी, रजिस्ट्रेशन काउंटर, ओपीडी, किचन और फार्मेसी समेत कई विभागों की गहन जांच की। मरीजों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने खुद दवाओं की एक्सपायरी डेट भी चेक की।
स्टाफ को सख्त निर्देश
निरीक्षण के दौरान उपाधीक्षक ने फार्मेसी इंचार्ज और अन्य कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों और उनके परिजनों के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए और दवा देने से पहले उसकी एक्सपायरी डेट अनिवार्य रूप से जांची जाए, ताकि किसी भी तरह की लापरवाही से बचा जा सके।
यह भी पढ़ें: सिमडेगा में HPV टीकाकरण कार्यक्रम की शुरुआत, तीन बच्चियों को लगाया टीका
महिला मरीज की शिकायत से मचा हलचल
जांच के दौरान सुमन नाम की एक महिला मरीज ने शिकायत की कि डॉक्टर द्वारा लिखी गई दो दवाएं उसे अस्पताल की फार्मेसी में उपलब्ध नहीं कराई गईं। इस पर डॉ. सिंह ने कहा कि अस्पताल में दवाओं की सामान्य रूप से कोई कमी नहीं है, हालांकि कुछ विशेष दवाएं फिलहाल उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही सभी आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।
दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता का दावा
उपाधीक्षक ने बताया कि अस्पताल की फार्मेसी में विभिन्न प्रकार की एंटीबायोटिक्स मौजूद हैं। इसके अलावा वार्ड और भर्ती मरीजों के लिए दवाएं और इंजेक्शन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि निरीक्षण का उद्देश्य छोटी से छोटी कमी को समय रहते दूर करना है।
रोज संचालित होती हैं कई ओपीडी सेवाएं
रांची सदर अस्पताल में मेडिसिन, स्त्री एवं प्रसूति रोग, शिशु रोग, नेत्र, ईएनटी, सर्जरी और ऑर्थोपेडिक्स की सामान्य ओपीडी सेवाएं रोज चलती हैं। इसके साथ ही ऑन्कोलॉजी, हेमाटोलॉजी, न्यूरोसर्जरी और कार्डियोलॉजी जैसी सुपर-स्पेशियलिटी सेवाएं भी मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही हैं। यहां ओपीडी में आने वाले मरीजों को मुफ्त दवाएं भी दी जाती हैं।
व्यवस्था सुधारने पर जोर
डॉ. बिमलेश कुमार सिंह ने स्पष्ट कहा कि अस्पताल में किसी भी प्रकार की कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि व्यवस्थाओं में लगातार सुधार किया जाए, ताकि मरीजों को बेहतर और निर्बाध इलाज मिल सके।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।