- कोयल नदी रेल पुल की मरम्मत पूरी, अब राजधानी समेत सभी ट्रेनें पुराने मार्ग से चलेंगी
Samachar Post रिपोर्टर, रांची: रांची से लोहरदगा होते हुए टोरी तक जाने वाला महत्वपूर्ण रेलखंड तीन महीने बाद फिर से पूरी तरह पटरी पर लौट आया है। शनिवार से इस रूट पर ट्रेनों का सामान्य परिचालन शुरू कर दिया गया है। इस रेलखंड पर कोयल नदी स्थित रेलवे ब्रिज के पिलर संख्या 115 में आई तकनीकी समस्या के कारण जनवरी के पहले सप्ताह से ट्रेनों का परिचालन प्रभावित था। अब मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद सभी ट्रेनों को फिर से उनके मूल मार्ग पर बहाल कर दिया गया है।
डीआरएम ने किया निरीक्षण
रांची रेल डिवीजन के डीआरएम करुणा निधि सिंह ने प्रशासनिक अधिकारियों और इंजीनियरों के साथ पुल का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा मानकों की बारीकी से समीक्षा की और मौके पर मौजूद टीम से जानकारी ली। मरम्मत के बाद पुल पर टावर कार और मल्टी इंजन का सफल ट्रायल भी किया गया।
यह भी पढ़ें: रांची में इंटरैक्ट क्लब की पहल: जरूरतमंद बच्चों के लिए शुरू होगा बुक डोनेशन अभियान
वैकल्पिक व्यवस्था अब खत्म
पुल में टिल्ट आने के कारण पहले लोहरदगा से इरगांव हाल्ट और टोरी से लोहरदगा के बीच शटल ट्रेनें चलाई जा रही थीं। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे को बस सेवा भी उपलब्ध करानी पड़ी थी। अब 28 मार्च से सभी एक्सप्रेस ट्रेनें, जो वैकल्पिक मार्ग से चलाई जा रही थीं, फिर से रांची–लोहरदगा–टोरी रूट पर लौट आई हैं।
अब पूरी तरह सुरक्षित है पुल
डीआरएम ने कहा कि रेलवे टीम ने दिन-रात मेहनत कर तकनीकी समस्या को दूर किया है। फिलहाल पुल को पूरी तरह सुरक्षित बना दिया गया है और बरसात से पहले शेष कार्य भी पूरा कर लिया जाएगा।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।