Samachar Post रिपोर्टर, रांची: झारखंड में रामनवमी के अवसर पर निकाले गए जुलूस कई जगहों पर हिंसा और हादसों की वजह बन गए। हजारीबाग, धनबाद, कोडरमा और बोकारो समेत कई जिलों में अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया है। प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
हजारीबाग: जुलूस के दौरान हत्या
कटकमसांडी प्रखंड के गदोखर गांव में जुलूस के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक हो गया। इस दौरान गदोखर पंचायत के मुखिया के भाई राम कुमार साव पर तेज हथियार से हमला किया गया। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
यह भी पढ़ें: झारखंड में सरकारी नौकरियों का संकट: 73,236 पद खाली, कामकाज प्रभावित
धनबाद: पथराव के बाद हवाई फायरिंग
बलियापुर थाना क्षेत्र के भिखराजपुर में जुलूस के दौरान अचानक पथराव शुरू हो गया, जिससे अफरा-तफरी मच गई। स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी। इसके बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं।
कोडरमा: युवक पर तलवार से हमला
झुमरीतिलैया में जुलूस के दौरान करतब दिखा रहे युवकों के बीच झगड़ा हो गया। इस दौरान वीर कुमार नामक युवक पर तलवार से हमला किया गया। उसे पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, फिर गंभीर हालत में रिम्स रांची रेफर किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बोकारो: हाई वोल्टेज तार की चपेट में आए युवक
पेटरवार थाना क्षेत्र के खेतको पंचायत में जुलूस के दौरान बड़ा हादसा हुआ। यहां कई युवक हाई वोल्टेज बिजली के तार की चपेट में आकर घायल हो गए। सभी घायलों को जारंगडीह के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
प्रशासन अलर्ट, शांति की अपील
इन घटनाओं के बाद सभी प्रभावित इलाकों में पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड में है। अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं और लोगों से शांति बनाए रखने तथा अफवाहों से दूर रहने की अपील की गई है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।