रामनवमी पर सीएम हेमंत सोरेन ने पत्नी कल्पना सोरेन संग तपोवन मंदिर में की पूजा, बोले यह पर्व एकता का प्रतीक

Rupa Kumari | March 27, 2026 | 01:04 PM IST
  • तपोवन मंदिर में श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना

Samachar Post रिपोर्टर, रांची: रामनवमी के पावन अवसर पर झारखंड के मुख्यमंत्री सीएम हेमंत सोरेन अपनी पत्नी और विधायक कल्पना सोरेन के साथ चुटिया स्थित ऐतिहासिक तपोवन मंदिर रांची पहुंचे। यहां दोनों ने भगवान श्रीराम और माता जानकी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-समृद्धि की कामना की।

राज्य की खुशहाली के लिए की प्रार्थना

मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीराम के चरणों में शीश नवाकर राज्यवासियों के बेहतर भविष्य, शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की। इस दौरान कल्पना सोरेन भी पूरे श्रद्धा भाव के साथ पूजा में शामिल रहीं। रामनवमी के अवसर पर तपोवन मंदिर में हजारों श्रद्धालु पहुंचे। मुख्यमंत्री के आगमन पर मंदिर परिसर जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। सीएम ने श्रद्धालुओं का अभिवादन किया और कुछ समय तक मंदिर परिसर में मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें: खरसावां में अवैध बालू कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, छापेमारी में दो लोडेड हाइवा जब्त

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल की तैनाती के साथ प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा।

रामनवमी को बताया एकता का पर्व

इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि भगवान श्रीराम हम सभी के आदर्श हैं। उन्होंने कहा कि रामनवमी केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि यह एकता, भाईचारे और सौहार्द का संदेश देने वाला उत्सव है। सीएम ने लोगों से अपील की कि वे भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं। उन्होंने कहा कि इन मूल्यों को अपनाने से समाज और मानवता का कल्याण संभव है। साथ ही उन्होंने राज्यवासियों के सुख, शांति और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हुए रामनवमी की शुभकामनाएं दीं।

भक्ति और परंपरा का दिखा संगम

रामनवमी के अवसर पर तपोवन मंदिर में भक्ति और परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्रद्धालु पूरे उत्साह और आस्था के साथ पर्व मना रहे हैं, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

Share this news

संबंधित खबरें