Samachar Post रिपोर्टर, रांची: राजधानी रांची में बढ़ती आपराधिक घटनाओं के बाद पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। एक ही रात तीन पेट्रोल पंपों पर हुई लूट के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़े कदम उठाए जा रहे हैं। झारखंड की डीजीपी तदाशा मिश्रा ने बुधवार देर रात रिंग रोड, ओरमांझी और टाटीसिल्वे इलाके में वारदात स्थलों का दौरा किया। इस दौरान उनके साथ मनोज कौशिक, एसएसपी राकेश रंजन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
पेट्रोल पंप मालिकों के साथ अहम बैठक
घटनाओं के बाद गुरुवार को एसएसपी ने पेट्रोल पंप संचालकों के साथ बैठक कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया। बैठक में स्पष्ट किया गया कि पुलिस पूरी तरह अलर्ट है और अपराधियों से सख्ती से निपटा जाएगा।
यह भी पढ़ें: रांची के पिस्का मोड़ बैंक कॉलोनी में दो गुटों में झड़प, हवाई फायरिंग से इलाके में दहशत
सुरक्षा बढ़ाने के दिए निर्देश
एसएसपी ने व्यवसायियों को सुझाव दिए, संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।बड़ी रकम लेकर बैंक जाते समय थाना को जानकारी दें। किसी थाना से रिस्पॉन्स नहीं मिले तो सीधे वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क करें। मंगलवार रात हुई लूट की घटनाओं के बाद पेट्रोल पंप मालिकों ने बैठक कर कानून-व्यवस्था पर चिंता जताई थी। उन्होंने चेतावनी दी थी कि सुरक्षा नहीं मिलने पर रात में पंप बंद कर दिए जाएंगे।
पुलिस ने बढ़ाई निगरानी
घटनाओं के बाद रांची पुलिस ने रिंग रोड और अन्य संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी है। गश्त तेज कर दी गई है और संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि व्यवसायियों की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है और किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।