Samachar Post रिपोर्टर, रांची :झारखंड की राजधानी रांची के सभी सरकारी प्राथमिक और मध्य विद्यालयों में 25 मार्च को शैक्षणिक सत्र 2025-26 का सत्रांत वार्षिकोत्सव आयोजित किया जा रहा है। जिले के 2000 से अधिक स्कूलों में एक साथ होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर शिक्षा विभाग और प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस भव्य आयोजन में करीब 2 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं हिस्सा लेंगे। वहीं 7000 से ज्यादा शिक्षक भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। अभिभावकों और स्थानीय लोगों की मौजूदगी से कार्यक्रम और भी खास बनने की उम्मीद है। वार्षिकोत्सव के दौरान स्कूलों में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। छात्र-छात्राएं नृत्य, गीत, नाटक और योग जैसी प्रस्तुतियों के जरिए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इससे बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ेगा और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
यह भी पढ़ें :जमशेदपुर के टेल्को में छात्र पर चापड़ से जानलेवा हमला, प्रेम प्रसंग से जुड़ा विवाद
अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी रहेंगे मौजूद
जिला प्रशासन के निर्देश पर उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री और उपविकास आयुक्त सौरभ कुमार भुवनिया सहित कई अधिकारी अलग-अलग स्कूलों में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। जनप्रतिनिधियों से भी अपने क्षेत्र के स्कूलों में भाग लेने की अपील की गई है।
सरकारी स्कूलों पर भरोसा बढ़ाने की पहल
इस आयोजन का उद्देश्य केवल उत्सव मनाना नहीं, बल्कि सरकारी स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना भी है। जैसे
- छात्रों की नियमित उपस्थिति पर जोर
- मिड डे मील योजना को बेहतर बनाना
- ‘जीरो ड्रॉपआउट’ लक्ष्य हासिल करना
संस्कृति और जागरूकता का संगम
कार्यक्रम में झारखंड की पारंपरिक लोकनृत्य और लोकसंगीत की झलक देखने को मिलेगी। इसके साथ ही देशभक्ति गीत, योग प्रदर्शन और सामाजिक मुद्दों पर आधारित नाटक भी प्रस्तुत किए जाएंगे। बाल विवाह और बाल श्रम जैसे मुद्दों पर जागरूकता फैलाने की कोशिश भी की जाएगी। यह आयोजन बच्चों की प्रतिभा को मंच देने के साथ-साथ समाज और स्कूल के बीच बेहतर तालमेल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। प्रशासन को उम्मीद है कि इससे सरकारी स्कूलों के प्रति लोगों का भरोसा और मजबूत होगा।
Reporter | Samachar Post