Samachar Post रिपोर्टर,खूंटी :खूंटी जिले के तोरपा थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात हुई फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। अज्ञात अपराधियों ने गैस एजेंसी संचालक नरेंद्र साव के घर के बाहर खड़ी कार को निशाना बनाते हुए कई राउंड गोलियां चलाईं। घटना के बाद स्थानीय लोगों में डर का माहौल है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 11 बजे तीन अपराधी बाइक पर सवार होकर पहुंचे और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। कुछ ही सेकंड में कई राउंड गोलियां चलाने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के समय अधिकांश लोग घरों के अंदर थे, जिससे कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई।
यह भी पढ़ें :जामताड़ा में 2 सड़क हादसे: एक बुजुर्ग की मौत, 3 गंभीर घायल, नशे में ड्राइविंग पर उठे सवाल
कार को बनाया निशाना
फायरिंग का मुख्य निशाना घर के बाहर खड़ी कार थी। वाहन पर कई जगह गोलियों के निशान पाए गए हैं। इससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि अपराधी किसी खास मकसद से आए थे और दहशत फैलाने की कोशिश की गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से चार खोखा बरामद किए गए हैं, जिससे यह स्पष्ट है कि कई राउंड फायरिंग हुई।
CCTV खंगाल रही पुलिस, हर एंगल से जांच जारी
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। शुरुआती जांच में तीन अज्ञात बदमाशों की संलिप्तता सामने आई है। तोरपा थाना प्रभारी मुकेश कुमार यादव ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं पुरानी रंजिश, रंगदारी या अन्य कारण को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फिलहाल फायरिंग के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। घटना के बाद इलाके के लोगों में दहशत और चिंता का माहौल बना हुआ है।
Reporter | Samachar Post