Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह : गिरिडीह जिले में रामनवमी को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में है और पूरे शहर में सघन निगरानी रखी जा रही है। शहर के प्रमुख जुलूस मार्गों, अखाड़ों और झांकी निकलने वाले रास्तों पर ड्रोन कैमरों से नजर रखी जा रही है। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों की पहचान कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
जुलूस मार्गों का निरीक्षण
सदर एसडीपीओ जितवाहन उरांव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नगर, पंचम्बा और मुफ्फसिल थाना क्षेत्रों के जुलूस मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान ड्रोन के जरिए चौक-चौराहों और गलियों का बारीकी से जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जुलूस मार्गों पर पड़े पत्थरों और अन्य अवरोधों को तुरंत हटाने का निर्देश दिया। पुलिस का कहना है कि जुलूस के दौरान मार्ग पूरी तरह साफ और सुरक्षित रहना जरूरी है।
यह भी पढ़ें: जामताड़ा में 2 सड़क हादसे: एक बुजुर्ग की मौत, 3 गंभीर घायल, नशे में ड्राइविंग पर उठे सवाल
जवानों को विशेष दिशा-निर्देश
तैनात पुलिसकर्मियों को भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, संवेदनशील स्थलों की निगरानी, आपात स्थिति से निपटने
के लिए विशेष निर्देश दिए गए हैं। दक्षिणी छोटानागपुर के डीआईजी अंजनी कुमार झा ने भी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए बैठक की। इसमें सभी एसडीपीओ, थाना प्रभारी और पुलिस अधिकारी शामिल हुए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता और ड्रोन व सीसीटीवी निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए।
शांति बनाए रखने की अपील
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की है। प्रशासन का दावा है कि व्यापक सुरक्षा इंतजामों के चलते इस बार रामनवमी का पर्व जिले में शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न होगा।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।