Samachar Post रिपोर्टर,रांची :झारखंड में मुख्य सूचना आयुक्त और सूचना आयुक्तों की नियुक्ति को लेकर 25 मार्च को अहम बैठक होने जा रही है। यह बैठक मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में उनके कांके रोड स्थित आवासीय कार्यालय में शाम 5 बजे आयोजित होगी। इस चयन समिति की बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और मुख्यमंत्री द्वारा नामित मंत्री हफीजुल हसन भी शामिल होंगे। इस बैठक में राज्य में लंबे समय से खाली पड़े पदों पर नियुक्ति को लेकर चर्चा और निर्णय की संभावना है।
हाईकोर्ट के निर्देश के बाद बढ़ी हलचल
झारखंड हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को 28 फरवरी तक मुख्य सूचना आयुक्त और सूचना आयुक्तों की नियुक्ति करने का निर्देश दिया था। इसके बाद 2 मार्च को बैठक बुलाई गई थी, लेकिन अपरिहार्य कारणों से इसे स्थगित कर दिया गया। राज्य में मुख्य सूचना आयुक्त का 1 और सूचना आयुक्त के 6 पद सृजित हैं, जो वर्ष 2020 से खाली पड़े हैं। इन पदों पर नियुक्ति नहीं होने के कारण सूचना आयोग की कार्यप्रणाली प्रभावित हो रही है।
यह भी पढ़ें :असम चुनाव 2026: ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस ने 17 सीटों पर उतारे उम्मीदवार, ममता बनर्जी के नेतृत्व में बढ़ाई तैयारी
पहले भी अटकी प्रक्रिया
नियुक्ति प्रक्रिया पहले भी कई कारणों से बाधित होती रही है। एक समय नेता प्रतिपक्ष के रूप में बाबूलाल मरांडी की मान्यता को लेकर विवाद था। बाद में अमर कुमार बाउरी को यह जिम्मेदारी दी गई, लेकिन तब भी सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद सरकार ने नई प्रक्रिया शुरू करते हुए ताजा विज्ञापन जारी किया, लेकिन फिर भी नियुक्ति का मामला लंबित रहा। इसकी बड़ी वजह सरकार और प्रतिपक्ष के बीच समन्वय की कमी मानी जा रही है। अब 25 मार्च को होने वाली बैठक को लेकर उम्मीद जताई जा रही है कि लंबे समय से लंबित इस प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा सकेगा।
Reporter | Samachar Post