Samachar Post रिपोर्टर, रांची :राजधानी के तुपुदाना इलाके में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब GAIL की घरेलू गैस पाइपलाइन से जुड़ी सामग्री में भीषण आग लग गई। यह घटना तुपुदाना के रावण दहन मैदान में हुई, जहां गैस पाइपलाइन परियोजना के लिए पाइप रखे गए थे। शुरुआत में आग छोटी दिखाई दी, लेकिन देखते ही देखते लपटें तेज हो गईं। आग की ऊंची-ऊंची लपटों और काले धुएं ने पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। धुआं इतना घना था कि कुछ देर के लिए आसपास का इलाका अंधेरे जैसा दिखाई देने लगा।
यह भी पढ़ें :रांची में LPG गैस की कमी नहीं, घबराकर बुकिंग न करें: DC मंजूनाथ भजंत्री
घटनास्थल पर मची अफरा-तफरी
आग की लपटें देखकर आसपास के लोग मौके की ओर पहुंचने लगे, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना का असर रिंग रोड तक महसूस किया गया। सूचना मिलते ही तुपुदाना थाना पुलिस ने सिटी कंट्रोल रूम को सूचना दी, जिसके बाद अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू
मौके पर रखे पाइप प्लास्टिक के होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और करीब एक घंटे तक जलती रही। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि तुपुदाना बालसिलिंग रोड पर लगे पथ निर्माण विभाग के गेट भी जल गए। गेट पर लिखे नाम और दूरी से संबंधित जानकारी भी पूरी तरह नष्ट हो गई। आग बुझने के बाद भी इलाके में काला धुआं फैल गया, जिससे आसपास के लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की सलाह दी।
GAIL की गैस पाइपलाइन परियोजना को झटका, आग लगने के कारणों की जांच शुरू
दरअसल, GAIL की ओर से रांची में घर-घर पाइपलाइन के जरिए गैस कनेक्शन पहुंचाने की योजना पर काम चल रहा है। इसी परियोजना के तहत रावण दहन मैदान में बड़े कंटेनरों में पाइप रखे गए थे, जिन्हें रोजाना अलग-अलग इलाकों में बिछाया जा रहा था। आग लगने की इस घटना से कंपनी की इस परियोजना को बड़ा झटका लगा है और करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। तुपुदाना पुलिस ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जाएगी। फिलहाल कंपनी की ओर से इस संबंध में कोई लिखित शिकायत या आधिकारिक विवरण नहीं मिला है।
Reporter | Samachar Post