Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह : जिले में बुधवार को घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कमी की अफवाह के कारण अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। शहर से लेकर आसपास के इलाकों तक गैस एजेंसियों के बाहर सुबह से ही लंबी-लंबी कतारें लग गईं। कई जगहों पर लोगों को घंटों इंतजार करने के बाद भी सिलेंडर नहीं मिल पाया।
सुबह से एजेंसियों पर उमड़ी भीड़
सुबह होते ही बड़ी संख्या में उपभोक्ता गैस एजेंसियों पर पहुंच गए। देखते ही देखते एजेंसियों के बाहर इतनी भीड़ जमा हो गई कि व्यवस्था संभालना मुश्किल हो गया। लाइन में महिलाएं, बुजुर्ग और कामकाजी लोग सभी सिलेंडर लेने के लिए खड़े दिखाई दिए। भीड़ और अव्यवस्था के कारण कई स्थानों पर अफरा-तफरी जैसी स्थिति भी बन गई।
यह भी पढ़ें: 12 साल से कोमा में पड़े युवक को सुप्रीम कोर्ट ने दी निष्क्रिय इच्छामृत्यु की अनुमति
अफवाह से बढ़ी चिंता
स्थानीय लोगों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे युद्ध जैसे हालात के कारण गैस आपूर्ति प्रभावित होने की चर्चा तेजी से फैल रही है। इसके साथ ही कुछ गैस एजेंसियों में स्टॉक खत्म होने की खबर ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी। इसी आशंका के चलते लोग जल्द से जल्द सिलेंडर लेने के लिए एजेंसियों की ओर दौड़ पड़े, जिससे अचानक भीड़ बढ़ गई।
घंटों लाइन में खड़े रहे उपभोक्ता
लंबी कतारों के कारण आम उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोगों ने बताया कि वे कई घंटों से लाइन में खड़े हैं, लेकिन अभी तक सिलेंडर मिलने की कोई निश्चितता नहीं है। इससे लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली।
एजेंसी संचालकों की अपील
गैस एजेंसी संचालकों ने लोगों से घबराने की जरूरत नहीं बताई है। उनका कहना है कि कुछ जगहों पर फिलहाल स्टॉक में कमी जरूर है, लेकिन जल्द ही नई खेप पहुंचने वाली है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जैसे ही गैस की आपूर्ति आएगी, सभी उपभोक्ताओं को सिलेंडर उपलब्ध करा दिया जाएगा। फिलहाल अफवाहों और आशंकाओं के कारण गैस एजेंसियों पर भीड़ लगातार बढ़ रही है, जिससे प्रशासन और एजेंसी संचालकों के सामने व्यवस्था बनाए रखने की चुनौती खड़ी हो गई है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।