IAS-IPS की कथित ऑडियो पर विधानसभा में हंगामा, सरकार बोली- रिकॉर्डिंग मिलेगी तो होगी जांच

Meenu | March 9, 2026 | 05:36 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,रांची :झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के दौरान सोमवार को दो वरिष्ठ अधिकारियों की कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग को लेकर सदन में जोरदार हंगामा हुआ। इस मुद्दे को उठाते हुए नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सरकार से जवाब मांगा और पूरे मामले की जांच कराने की मांग की। इस पर संसदीय कार्य सह वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने सदन में कहा कि जिस ऑडियो रिकॉर्डिंग की चर्चा हो रही है, वह फिलहाल सरकार के पास उपलब्ध नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर यह रिकॉर्डिंग सरकार को दी जाती है, तो सरकार मामले की जांच कराने के लिए तैयार है।

यह भी पढ़ें :जमीन विवाद में कांके थाना प्रभारी पर सवाल, कार्रवाई को लेकर उठे कई सवाल

पूरे राज्य में चर्चा का विषय बनी कथित रिकॉर्डिंग

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सदन में कहा कि पिछले कुछ दिनों से राज्य के एक आईएएस और एक आईपीएस अधिकारी के बीच हुई कथित बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग पूरे झारखंड में चर्चा का विषय बनी हुई है। उन्होंने कहा कि यह रिकॉर्डिंग अलग-अलग माध्यमों से लोगों तक पहुंच रही है और तेजी से फैल रही है। मरांडी ने सवाल उठाया कि जब यह रिकॉर्डिंग आम लोगों तक पहुंच चुकी है, तो सरकार के पास इसकी कॉपी न होना हैरानी की बात है।

जरूरत पड़ी तो सदन में उपलब्ध कराएंगे रिकॉर्डिंग

मरांडी ने कहा कि अगर सरकार के पास यह रिकॉर्डिंग उपलब्ध नहीं है, तो वह अगले दिन सदन में इसे उपलब्ध कराने की कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा कि यह मामला बेहद गंभीर है, क्योंकि अगर वरिष्ठ अधिकारियों की बातचीत की रिकॉर्डिंग सार्वजनिक हो सकती है, तो भविष्य में अन्य संवेदनशील बातचीत भी लीक हो सकती है। इस दौरान विधायक नवीन जायसवाल समेत कई अन्य सदस्यों ने भी इस मुद्दे पर चर्चा की और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। सदस्यों ने कहा कि यह मामला संवेदनशील है और इसकी सच्चाई सामने आनी चाहिए। सरकार की ओर से आश्वासन दिया गया कि जैसे ही संबंधित ऑडियो रिकॉर्डिंग उपलब्ध होगी, पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराई जाएगी।

Share this news

संबंधित खबरें