रांची में रसोई गैस की भारी किल्लत, गोदामों के बाहर लगी लंबी कतारें

Rupa Kumari | March 9, 2026 | 01:51 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची: राजधानी रांची के कई इलाकों में रसोई गैस की भारी किल्लत देखने को मिल रही है। गैस सिलेंडर की कमी के कारण उपभोक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार को गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ने के बाद स्थिति और भी गंभीर हो गई है। रविवार को शहर के कई इलाकों में लोग खाली सिलेंडर लेकर गैस एजेंसियों के गोदामों के बाहर घंटों लाइन में खड़े रहे। कई जगहों पर गैस खत्म होने की वजह से लोगों को बिना सिलेंडर लिए ही वापस लौटना पड़ा।

होटल और छोटे व्यवसाय प्रभावित

गैस की कमी का असर सिर्फ घरों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि होटल, ढाबा और कैंटीन संचालकों के काम पर भी पड़ रहा है। कई व्यवसायियों का कहना है कि समय पर गैस नहीं मिलने से उनका काम प्रभावित हो रहा है। यदि यही स्थिति जारी रही तो छोटे होटल और खाने-पीने के कारोबार को भारी नुकसान हो सकता है।

यह भी पढ़ें: बोकारो कोर्ट कॉम्प्लेक्स को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल मिलने के बाद मचा हड़कंप

डिलीवरी चार्ज को लेकर शिकायत

कुछ उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया है कि एजेंसी के गोदाम से खुद सिलेंडर लेने के बावजूद उनसे डिलीवरी चार्ज वसूला जा रहा है। लोगों ने प्रशासन से इस मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

अमरावती कॉलोनी में सबसे ज्यादा भीड़

शहर के अमरावती कॉलोनी और कृष्णापुरी इलाके में गैस लेने वालों की सबसे अधिक भीड़ देखने को मिली। लोग सुबह से ही खाली सिलेंडर लेकर लाइन में खड़े थे। कई उपभोक्ताओं को सिलेंडर पाने के लिए दो घंटे से अधिक समय तक इंतजार करना पड़ा।

नए नियम से बढ़ी परेशानी

उपभोक्ताओं के मुताबिक नए नियम के तहत एक सिलेंडर लेने के बाद दूसरा सिलेंडर करीब 25 दिनों के अंतराल पर ही मिल पा रहा है। इससे संयुक्त परिवारों को खासा परेशानी हो रही है और कुछ लोग मजबूरी में ब्लैक मार्केट से गैस सिलेंडर खरीदने की बात भी कह रहे हैं।

लोगों में बढ़ रही नाराजगी

स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले गैस सिलेंडर की डिलीवरी घर तक होती थी, लेकिन अब उन्हें खुद एजेंसी जाकर सिलेंडर लेना पड़ रहा है। देर से सिलेंडर मिलने और लंबी कतारों के कारण लोगों में गैस एजेंसियों के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।

Share this news

संबंधित खबरें