Samachar Post रिपोर्टर, चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी क्षेत्र से चार आदिवासी बच्चियों को नौकरी का झांसा देकर तमिलनाडु ले जाने और वहां बंधक बनाकर रखने का मामला सामने आया है। घटना के सामने आने के बाद इलाके में चिंता और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ लोग भोले-भाले आदिवासी परिवारों को बहला-फुसलाकर रोजगार दिलाने के नाम पर दूसरे राज्यों में ले जाते हैं। इसी तरह इन चारों बच्चियों को भी तमिलनाडु ले जाया गया, जहां उन्हें बंधक बनाकर रखा गया है और घर लौटने नहीं दिया जा रहा है।
डरी-सहमी हैं बच्चियां, तबीयत भी खराब
ग्रामीणों के मुताबिक तमिलनाडु में रह रहीं चारों बच्चियां काफी डरी हुई हैं। बताया जा रहा है कि उनमें से कुछ की तबीयत भी खराब है और उन्हें पेट दर्द की शिकायत हो रही है। परिजनों का कहना है कि बच्चियां लगातार घर लौटने की बात कर रही हैं, लेकिन उन्हें वापस आने नहीं दिया जा रहा है। इस कारण गांव में उनके परिवार और ग्रामीण बेहद चिंतित हैं।
यह भी पढ़ें: घने बादलों ने दी दस्तक, आज से तीन दिन गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना
विधायक से लगाई मदद की गुहार
मामले की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों ने जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सोनाराम सिंकु से मुलाकात कर पूरी घटना बताई और बच्चियों को सुरक्षित वापस लाने की मांग की। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर बच्चियों को तमिलनाडु से वापस लाने की अपील की है।
प्रशासन को दिए जांच के निर्देश
घटना की गंभीरता को देखते हुए विधायक सोनाराम सिंकु ने क्षेत्र के डीएसपी को इसकी जानकारी देते हुए पूरे मामले की त्वरित जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रशासन से कहा कि बच्चियों को जल्द से जल्द सुरक्षित उनके परिवार के पास लाया जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
बेटियों की सुरक्षा सर्वोपरि
विधायक सोनाराम सिंकु ने कहा कि क्षेत्र की बेटियों की सुरक्षा और सम्मान सबसे महत्वपूर्ण है और ऐसे मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष ललित कुमार दोराईबुरु, युवा कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष मामूर अंसारी, प्रखंड उपाध्यक्ष सूरज चंपिया, प्रखंड महासचिव प्रदीप प्रधान, रोशन पान, दानिश हुसैन सहित कई स्थानीय नेता भी मौजूद रहे।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।