Samachar Post रिपोर्टर, रांची: रांची के रातू प्रखंड अंतर्गत पाली गांव में सोमवार को एक जंगली हाथी ने जमकर उत्पात मचाया। हाथी के हमले में एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। मृतक की पहचान सुबोध खलखो के रूप में हुई है, जिन्हें हाथी ने कुचल दिया। वहीं रौशन खलखो इस हमले में बुरी तरह घायल हुए हैं और उनका इलाज चल रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, यही हाथी तीन दिन पहले हटिया के रिहायशी इलाके में भी घुस आया था, जिससे वहां भी अफरा-तफरी मच गई थी।
वन विभाग अलर्ट मोड में
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने बताया कि हाथी को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर खदेड़ने की तैयारी की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और हाथी के नजदीक न जाने की अपील की है।
यह भी पढ़ें: धनबाद में तड़के बड़ा सड़क हादसा, दो भारी वाहनों की टक्कर से लगा जाम
झारखंड में बढ़ रहा हाथियों का खतरा
पिछले एक महीने के दौरान झारखंड के विभिन्न जिलों में हाथियों के हमलों में दो दर्जन से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। कई ग्रामीण घायल हुए हैं, जबकि फसलों और संपत्ति को भी भारी नुकसान पहुंचा है। हाथियों के लगातार रिहायशी और ग्रामीण इलाकों में प्रवेश से लोगों की चिंता बढ़ गई है। फिलहाल प्रशासन और वन विभाग की संयुक्त टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है और क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।