Samachar Post रिपोर्टर,रांची :राजधानी के रातू थाना क्षेत्र स्थित चित्तरकोटा पतरा गांव में सोमवार सुबह एक जंगली हाथी के पहुंचने से हड़कंप मच गया। हाथी की मौजूदगी की खबर फैलते ही ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि दो दिन पहले हटिया इलाके में जो हाथी देखा गया था, संभव है यह वही हाथी हो। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हाथी के गांव के पास पहुंचने की सूचना मिलते ही प्रशासन ने तत्काल सतर्कता बरती। ग्रामीणों को घरों से बाहर न निकलने और हाथी से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की गई है। अफरा-तफरी की स्थिति को देखते हुए कई परिवारों ने एहतियातन खुद को घरों तक सीमित कर लिया है।
यह भी पढ़ें :होली पर 4 मार्च को ओपीडी बंद, रिम्स और सदर अस्पताल में 24 घंटे इमरजेंसी सेवा जारी
वन विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही रातू थाना पुलिस और वन विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हो गई। इलाके की घेराबंदी की जा रही है। हाथी की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। संभावित खतरे वाले क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाई गई है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
हटिया की घटना से बढ़ी चिंता
दो दिन पहले हटिया क्षेत्र में भी जंगली हाथी के देखे जाने की घटना सामने आई थी। उस घटना के बाद से ही लोग डरे हुए हैं। अब रातू में हाथी की मौजूदगी की खबर ने ग्रामीणों की चिंता और बढ़ा दी है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और वन विभाग के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
Reporter | Samachar Post