रांची में चार बच्चे एक साथ लापता, इलाके में हड़कंप

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजधानी रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मधुकम रोड नंबर-05 से चार बच्चों के एक साथ लापता होने की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम चारों बच्चे घर से घूमने के लिए निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे।

परिजनों की बढ़ी चिंता

शुरुआत में परिजनों को लगा कि बच्चे थोड़ी देर में लौट आएंगे, लेकिन रात काफी बीत जाने के बाद भी जब वे घर नहीं पहुंचे तो परिवार की चिंता बढ़ गई। परिजनों ने आसपास के इलाकों में खोजबीन शुरू की। रिश्तेदारों, दोस्तों और परिचितों के यहां भी पूछताछ की गई, लेकिन बच्चों का कोई सुराग नहीं मिला।

यह भी पढ़ें : होली पर अलर्ट मोड में पुलिस, जामताड़ा में शांति समिति की बैठक

पुलिस ने शुरू की जांच

काफी तलाश के बाद परिजनों ने मामले की सूचना सुखदेवनगर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और बच्चों की खोजबीन शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही बच्चों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

लोगों से मदद की अपील

परिजनों ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को भी बच्चों के बारे में कोई जानकारी मिले या वे कहीं दिखाई दें, तो तुरंत मोबाइल नंबर 9431788800 पर संपर्क करें। इलाके में घटना को लेकर चिंता का माहौल है और लोग बच्चों की सकुशल वापसी की दुआ कर रहे हैं।

Share this news

संबंधित खबरें